90 साल की बुजुर्ग महिला को घर से अगवा कर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में 90 साल की एक बुजुर्ग महिला को घर से अगवा कर दुष्कर्म और हैवानियत किए जाने का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली यह घटना नजफगढ़ के छावला इलाके की है। पीड़ित बुजुर्ग महिला की शिकायत के आधार पर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नजफगढ़ में एक 33 वर्षीय युवक ने रेवला खानपुर गांव में 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी ने विरोध करने पर बुजुर्ग महिला की जमकर पिटाई भी की, जिसके चलते वृद्धा के शरीर पर चोट के गंभीर निशान हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। बुजुर्ग महिला की आवाज सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे। इन्ही लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची छावला थाना पुलिस ने महिला का मेडिकल कराया और उसके बयान पर केस दर्ज कर आरोपी युवक सोनू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित महिला रेवला खानपुर गांव में अपने परिवार के साथ रहती है। सोमवार शाम पीड़ित बुजुर्ग महिला अपने घर के बाहर बैठी हुई थी और दूध वाले का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी सोनू वहां पहुंचा और उसने बुजुर्ग महिला से कहा कि आज दूध वाला घर नहीं आएगा उसे दूध लेने के लिए जाना पड़ेगा। आरोपी ने बुजुर्ग से कहा कि वह उन्हें दूध वाले के पास लेकर चलता है। इसके बाद वह बुजुर्ग महिला को रेवला खानपुर फार्म ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान बुजुर्ग महिला ने आरोपी का विरोध किया तो आरोपी ने उसकी जमकर पिटाई की। जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

आवाज सुनकर पहुंचे लोग

वारदात के दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने बुजुर्ग महिला की चीखें सुनीं तो फार्म की ओर दौड़े, जहां लोगों ने देखा कि आरोपी महिला की पिटाई कर रहा था। लोगों ने तुरंत आरोपी को दबोच लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची छावला थाना पुलिस ने पीड़िता के परिजनों को मामले की सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया। पुलिस ने महिला के बयान पर दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता से मिलीं स्वाति मालीवाल

वहीं, आज घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पीड़िता मिलकर उनका हाल जाना। स्वाति से ट्वीट कर कहा, ”दिल्ली की 90 वर्षीय महिला को घर से दरिंदा जबर्दस्ती उठाकर ले गया और बुरी तरह रेप किया। अम्मा को बहुत चोटें आई हैं। उनसे मिली तो रूह कांप गई। बहुत रो रही थी और बोली इस दरिंदे को फांसी दिलाओ! हैवानियत की हद्द है! 6 महीने की बच्ची हो या 90 वर्ष की महिला, कोई सुरक्षित नही!”