90 साल की माग्रेट कीनन को लगाई गई दुनिया की पहली फाइजर वैक्सीन

Chhattisgarh Crimes

ब्रिटेन। दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 6.79 करोड़ के पार हो गया। 4 करोड़ 69 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 15 लाख 49 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं।
ब्रिटेन में मंगलवार से वैक्सीनेशन की शुरूआत हुई है। यहां की 90 साल की माग्रेट कीनन फाइजर वैक्सीन लेने वाली दुनिया की पहली शख्स बन गई हैं। उन्हें सेंट्रल इंग्लैंड के लोकल कोवेंट्री अस्पताल में यह टीका लगाया गया। टीका लगवाने के बाद कीनन ने कहा- मुझे खुशी है कि मैं यह कोरोना वैक्सीन लेने वाली पहली इंसान हूं। मुझे खुशी है कि अब मैं नए साल पर निश्चिंत होकर अपने परिवार के साथ समय बिता पाऊंगी। हॉन्गकॉन्ग में मंगलवार से फिर से सोशल डिस्टेंसिंग से जुड़ी पाबंदियां सख्त कर दी गईं। शाम 6 बजे के बाद लोग रेस्टोरेंट नहीं जा सकेंगे। जिम और सैलून बंद रहेंगे। हॉन्गकॉन्ग की चीफ एक्जीक्यूटिव कैरी लाम ने कहा- नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। हमारे पास पाबंदियां लागू करने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। हॉन्गकॉन्ग में अब तक 7076 मामले सामने आए हैं और 112 संक्रमितों की जान गई है।

डब्ल्यूएचओ ने कहा- वैक्सीन मेंडेटरी न हो

डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि कोविड-19 वैक्सीन को अनिवार्य यानी मेंडेटरी नहीं किया जाना चाहिए। संगठन ने कहा- बेहतर ये होगा कि इसका इस्तेमाल मेरिट के आधार पर किया जाए। अनिवार्य करने से कोई फायदा नहीं होगा। जिनको जरूरत है, उन्हें जरूर दी जानी चाहिए। अब हमें यह देखना होगा कि देश इस वैक्सीन का इस्तेमाल किस तरह करते हैं। दूसरी तरफ, वठ की हेल्थ एजेंसी ने इस मेंडेटरी करने को कहा है।

फ्रांस का लॉकडाउन हटाने से इनकार

कोरोना की दूसरी लहर का सामना कर रहे फ्रांस ने साफ कर दिया है कि 15 दिसंबर को लॉकडाउन हटाए जाने की संभावना काफी कम है। फ्रेंच हेल्थ मिनिस्ट्री के अफसर जेरोम सेलोमन ने कहा- हमने बहुत मुश्किल वक्त का सामना किया है। अब हालात काबू में आ रहे हैं तो हम लॉकडाउन हटाने का रिस्क नहीं ले सकते। फ्रांस में 6 हफ्ते का लॉकडाउन 15 दिसंबर को खत्म हो रहा है। चार हफ्ते पहले तक हर दिन करीब 50 हजार मरीज मिल रहे थे। अब यह संख्या 11 हजार तक पहुंची है। इसलिए सरकार का मानना है कि इसे जल्द हटाने से हालात फिर खराब हो सकते हैं।