raipur: राजधानी में शहर सरकार बदलते ही अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। यातायात और निगम की टीम ने जीई रोड पर यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए आमापारा चौक से अनुपम गार्डन तक अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया।
इस दौरान 7 ठेलों को हटाया गया, जबकि 2 ठेलो को जब्त कर 3000 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। नगर निवेशक आभाश मिश्रा का कहना है कि अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। सड़क पर कब्जा कर किसी को दुकान लगाने नहीं दिया जाएगा।
बुधवार को भी जयस्तंभ चौक से केके रोड और मौदहापारा से फाफाडीह चौक तक अभियान चलाकर 20 से अधिक स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया था। इस दौरान सड़क पर कब्जा कर दुकान के सामने बनाए गए 5 शेड तोड़े गए और 10 से अधिक ठेलो को जब्त किया गया था। बता दें कि नियमित कार्रवाई नहीं होने से शहर में ज्यादातर सड़कों के किनारे अवैध कब्जा हो गया है, जिसके चलते आए दिन लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है।