रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। रायपुर में 50 चौक-चौराहों पर करीब 78 लोगों पर ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में एक्शन हुआ है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक होली के दौरान अलग-अलग मामले में 329 वाहनों को जब्त भी किया गया है।
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि नशे की हालत में गाड़ी चलाकर कुछ लोग खुद की जान से साथ-साथ दूसरों की जान भी जोखिम में डालने का काम करते हैं। ये लोग शहर के सुगम सुरक्षित यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करते हैं।नशे में ड्राइविंग बनी सड़क हादसों की बड़ी वजह
सड़क हादसों के प्रकरणों का विश्लेषण करने पर ये सामने आया है कि अधिकांश दुर्घटना वाहन चालक के नशे की हालत में होने से हुआ है। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत, शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों, चौक-चौराहों पर नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन की मदद से नशे में वाहन चलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट भेजा जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस ने की अपील
रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और किसी भी हाल में नशे में गाड़ी न चलाएं। नशे में गाड़ी चलाना न केवल खुद के लिए, बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में वाहन चलाते पाया जाता है, तो उसे जुर्माने और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।