जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम भड़ेसर में युवक का शव घर के कमरे में रोशनदान से लटका मिला। युवक ने नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। आत्महत्या की वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
शुक्रवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ओमप्रकाश यादव (26) कमाने-खाने के लिए गांव से बाहर गया हुआ था। वह गुरुवार को ही घर लौटा था। घटना वाली रात गांव में बिजली नहीं थी। मृतक के पिता के मुताबिक, रात करीब 8 बजे वह घर से बाहर गए थे। वापस लौटने पर ओमप्रकाश दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
काफी देर तक उसका पता नहीं चलने पर परिजन उस कमरे में पहुंचे, जहां वह सोता था। वहां टॉर्च की रोशनी में ओमप्रकाश का शव रोशनदान से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका मिला।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना के बाद परिजनों ने पामगढ़ थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
आत्महत्या की वजह का पता लगा रही पुलिस
ओमप्रकाश ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत से जुड़े कारणों का पता चल सकेगा।