त्योहार के बाद डिस्पोजेबल प्लेट-ग्लास से नालियां जाम

Chhattisgarh CrimesRaipur: होली त्योहार के दो दिनों बाद भी शहर के ज्यादातर इलाकों में सफाई ठप रही। पुराने माेहल्लों की गलियां तो दूर प्रमुख बाजार की सड़कों की भी सफाई नहीं हुई। रोड पर कचरा फैला रहा। नालियां प्लास्टिक की प्लेट और गिलास से अटी पड़ी रहीं। कुछ वार्डों में सफाई हुई लेकिन आधा अधूरा स्टाफ पहुंचा। इससे सफाई भी अधूरी हुई। कई वार्डों से शिकायत मिलने के बाद महापौर मीनल चौबे ने खुद शहर का दौरा किया। सड़कों और नालियों में गंदगी देखकर वे खुद हैरान रह गईं। उन्होंने अफसरों गंदगी दिखाकर सवाल किया कि ऐसा क्यों है।

उन्होंने सफाई में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। शुक्रवार 14 मार्च होली मनाई गई। दूसरे दिन शनिवार को भी कमोबेश त्योहार जैसा माहौल रहा। रविवार को सुबह सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो जानी चाहिए थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शहर के ज्यादातर इलाकों में रोड और नालियों में गंदगी रही। कई जगहों पर रोड तक से कचरा नहीं उठाया गया। कई जगहों पर मुक्कड़ का कचरा रोड और गली में फैला रहा। गंदगी और बदबू से परेशान लोगों ने सीधे महापौर मीनल चौबे से शिकायत कर दी। वे खुद स्थिति देखने निकल पड़ीं। वे केके रोड होते हुए मौदहापारा पहुंची। यहां पर संडे बाजार की वजह से जाम के हालात थे।

उन्होंने जानकारी ली तो बताया गया कि इस रोड पर साप्ताहिक बाजार लगने की वजह से सुबह से दोपहर तक लगभग ऐसे ही हालात रहते हैं। उन्होंने जोन-2 कमिश्नर आरके डोंगरे को यहां सिस्टम सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कारोबारी सड़क के किनारे ही दुकानें लगाएं। रोड तक उनका सामान फैलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इस सड़क पर प्लास्टिक के डिस्पोजेबल गिलास और कचरा इत्यादि देखकर उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी डा. तृप्ति पाणिग्रही को भी नालियों की सफाई करवाने को कहा।

मेयर मीनल इसके बाद एमजी रोड पहुंची। यहां उन्होंने मंजू-ममता के संचालक को सड़क घेरकर कारोबार ना करने के निर्देश दिए। एमजी रोड में नाइट चौपाटी लगाने वाले कारोबारियों से भी चर्चा की। उन्होंने सभी से कहा कि वे ग्राहकों को प्लास्टिक डिस्पोजल प्लेट इत्यादि में खाद्य सामग्री ना दें। इसके बदले वे कांच या कागज की प्लेट का इस्तेमाल करने को कहा। प्लास्टिक के प्लेट-गिलास का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है।