नक्सलियों के मददगार शहरी नेटवर्क को ब्रेक करने में जिला पुलिस को सफलता मिली है। दरअसल मंगलवार को अबूझमाड़ जाते एक युवक को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह पिछले पांच साल से नक्सलियों तक हथियार व विस्फोटक पहुंचा रहा था।
सहयोगियों के नाम भी सामने आए
आरोपी ने नक्सलियों तक हथियार व विस्फोटक पहुंचाने में मदद करने वालों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। जिनकी तलाश और नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है। पुलिस अन्य संभावित लिंक एवं सहयोगियों की जानकारी एकत्र कर रही है, जिससे इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
प्रहार के साथ नेटवर्क को ध्वस्त कर रही फोर्स
बस्तर में एक ओर फोर्स नक्सलियों पर सीधा प्रहार कर उनका खात्मा कर रही है तो वहीं शहरी नेटवर्क के माध्यम से उन तक पहुंचने वाली हर तरह की सप्लाई को भी रोका जा रहा है। विस्फोटक के अलावा नक्सलियों तक राशन, स्टेशनरी व अन्य सामान पहुंचाने वालों पर भी लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।