बिलासपुर में पुलिस की सख्ती के दावों के बाद भी गांजा का अवैध कारोबार नहीं थम रहा

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में पुलिस की सख्ती के दावों के बाद भी गांजा का अवैध कारोबार नहीं थम रहा है। पिछले दो दिन के भीतर पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 44 किलो गांजा बरामद किया गया है। वहीं, ओडिशा में रहकर छत्तीसगढ़ समेत दूसरे राज्यों में गांजा सप्लाई करने वाली महिला को भी पुलिस ने पकड़ा है। मामला सीपत और मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।

मस्तूरी टीआई हरीश टांडेकर को बीते मंगलवार की सुबह सूचना मिली कि सीपत क्षेत्र के ग्राम पंधी निवासी नीरज वर्मा उर्फ मोनू वर्मा बड़ी मात्रा में गांजा लेकर गनियारी जा रहा है। पुलिस ने तस्दीक की तो पता चला कि आरोपी कार क्रमांक सीजी 10 बी क्यू 9133 से रलिया मार्ग होकर गनियारी जाएगा।

जिस पर टीआई ने अपनी टीम के साथ जयरामनगर के पास रलिया रोड पर घेराबंदी कर कार को रोक लिया। कार में नीरज वर्मा सवार था, जिससे पूछताछ में वह घबराने लगा। पुलिस ने तलाशी ली तब पीछे डिक्की में सफेद रंग की बोरी में गांजा मिला। तौलने पर गांजा की मात्रा 20 किलो 100 ग्राम पाई गई, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपए है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।फरार साथी भी बरगढ़ से गिरफ्तार इस कार्रवाई के दौरान नीरज वर्मा के साथ पंधी निवासी उसका साथी विनोद वर्मा उर्फ विनोद कुमार औधोलिया (36) पिता स्व. रज्जु औधोलिया भी था, जो पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। गुरुवार को पुलिस ने फरार विनोद वर्मा को दबोच लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वो चार साल से गांजा तस्करी कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ओडिशा से गांजा सप्लाई करने वाली महिला गिरफ्तार सीपत टीआई गोपाल सतपथी ने बताया कि मटियारी में रहने वाले बालकृष्ण सिसोदिया उर्फ अर्जुन (24) और देवकुमार सूर्यवंशी (46) को 22 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ओडिशा के बौध जिला अंतर्गत बिरनसिंह मौपडा में रहने वाली मिनाती साहू (40) के संपर्क में थे। महिला उन्हें गांजा सप्लाई कराती थी।

जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस की टीम ने महिला की तलाश शुरू कर दी। तकनीकी जांच में पता चला कि महिला अपने घर पर है। पुलिस की टीम ने ओडिशा पहुंचकर महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को सीपत लाकर न्यायालय में पेश किया गया है। जहां से उसे जेल भेजा गया है।एनडीपीएस के मामले में हो रही इंड टू इंड जांच सीएसपी सिद्धार्थ बघेल ने बताया कि एनडीपीएस के मामलों में पुलिस की टीम इंड टू इंड कार्रवाई कर रही है। इसके तहत पुलिस सप्लायर, कैरियर और कंज्यूमर को गिरफ्तार कर रही है। इसके अलावा आरोपियों की संपत्ति की जांच कराई जा रही है। नशे के कारोबार से कमाई संपत्ति को सफेमा कोर्ट के आदेश पर जब्त किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है।