गौरेला नगर पालिका में सीसी रोड निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया

Chhattisgarh Crimesगौरेला नगर पालिका में सीसी रोड निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। नगर पालिका परिषद के भाजपा समर्थित अध्यक्ष मुकेश दुबे, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष और पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष संदीप जायसवाल के बीच मतभेद सामने आया है। विवाद की जड़ पूरन तालाब के चारों ओर बन रही सीसी रोड है।

ठेकेदार ने संदीप जायसवाल के घर के सामने का हिस्सा छोड़कर अन्य क्षेत्रों में सड़क का निर्माण कर दिया। इससे नाराज पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से शिकायत की है। उन्होंने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है।

पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष ने कहा कि वह भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर नगर पालिका सड़क नहीं बनवाती है, तो वह खुद के खर्च से सीसी रोड का निर्माण करवाएंगे।

दूसरी ओर नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे का कहना है कि निर्माण कार्य नियमों के अनुसार हो रहा है। जो हिस्सा छूटा है, उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने किसी भेदभाव से इनकार किया है।

नगर पालिका गौरेला के सीएमओ नारायण साहू का बयान मामले को और उलझाता नजर आया। उन्होंने कहा कि रोड की चौड़ाई बढ़ा दी गई थी, जिससे मटेरियल कम पड़ गया और संबंधित हिस्सा छूट गया।