भिलाई में रेलवे पुलिस ने ऐसे अंतरराज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है, जो ट्रेन यात्रियों के पर्स और एटीएम कार्ड चोरी कर उनके खाते से रकम निकालता था। खास बात यह है कि आरोपी सेना और सुरक्षा बलों के जवानों को अपना आसान निशाना बनाता था। पुलिस के मुताबिक, दूर तैनाती के कारण जवान कई बार तुरंत बैंक से संपर्क कर एटीएम बंद नहीं करा पाते थे। इसी का फायदा आरोपी उठाता था।
पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार दुबे उर्फ लल्लू (34), निवासी मिर्जापुर, उत्तरप्रदेश को पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा। उसके पास से एक मोबाइल, चार सिम और 12 एटीएम कार्ड मिले हैं। उसके कब्जे से 3 हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में कई राज्यों में यात्रियों के पर्स और एटीएम कार्ड चोरी करने की बात सामने आई है। उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
पहले दोस्ती, फिर पिन पर नजर मामला 18 अप्रैल 2026 का है। सेक्टर-6 निवासी बीएसएफ जवान कन्हैया भगत बिहार जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। टिकट लेने और ट्रेन पकड़ने की तैयारी के दौरान आरोपी ने उनसे बातचीत शुरू की और दोस्ती कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इसी दौरान उनके एटीएम का पिन देख लिया। इसके बाद ट्रेन में चढ़ने की भीड़ के बीच कन्हैया का पर्स चोरी कर लिया गया। पर्स में एटीएम कार्ड था। आरोपी को पिन पहले ही पता था, इसलिए कार्ड हाथ लगते ही उसके लिए खाते से पैसे निकालना आसान हो गया।
75 हजार के सोने के झुमके खरीदे पुलिस जांच में पता चला कि चोरी किए गए एटीएम कार्ड से आरोपी ने करीब 75 हजार रुपए के सोने के झुमके खरीदे। इसके अलावा अलग-अलग एटीएम से 22,500 रुपए नकद निकाले गए। यानी एक ही वारदात में करीब 97,500 रुपए की रकम निकाली या खर्च की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोने के झुमकों को बाद में ग्वालियर में 50 हजार रुपए में बेच दिया। इस तरह उसने चोरी के पैसे को दूसरे शहर में जाकर सामान खरीदने और फिर उसे बेचने के तरीके से इस्तेमाल किया। पुलिस को आशंका है कि दूसरे मामलों में भी उसने इसी तरह चोरी के एटीएम से खरीदारी की होगी।
11 राज्यों की पुलिस को थी तलाश सुनील के खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलावा कई राज्यों और बड़े शहरों में चोरी, जेब कटने और धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार करनाल, बेंगलुरु, इटारसी, भोपाल, ग्वालियर, दिल्ली निजामुद्दीन, जालंधर और हावड़ा सहित कई जगहों पर उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। अलग-अलग राज्यों में घूमकर वारदात करना उसकी कार्यशैली का हिस्सा बताया जा रहा है।
रेलवे पुलिस की साइबर टीम ने पकड़ा कन्हैया भगत के खाते से रकम निकलने की शिकायत के बाद रेलवे पुलिस ने जांच शुरू की। रेलवे पुलिस की साइबर टीम और भिलाई-3 जीआरपी चौकी की संयुक्त टीम ने पैसों के लेन-देन और दूसरे तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के बाद उसे पावर हाउस स्टेशन के पास पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक रेलवे दिव्यांग पटेल और उप पुलिस अधीक्षक एसएन अख्तर के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में निरीक्षक दया कुर्रे और उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह की टीम शामिल रही।