बिलासपुर में व्यापमं द्वारा आयोजित जल संसाधन विभाग के सब इंजीनियर पद की भर्ती परीक्षा में कठिन प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को परेशान किया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में व्यापमं द्वारा आयोजित जल संसाधन विभाग के सब इंजीनियर पद की भर्ती परीक्षा में कठिन प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को परेशान किया। परीक्षार्थियों के अनुसार प्रश्नों को समझने में ही अधिक समय लग गया।

शहर में कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए। इनमें 5987 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। 14 जुलाई को हुए हाईटेक नकल प्रकरण के बाद सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। परीक्षार्थियों के अंदर जाने के बाद केंद्रों के गेट पर ताला लगा दिया गया। बाहर बंदूकधारी पुलिस तैनात की गई।

डार्क कपड़े पहनने पर महिला को रोका, कपड़े बदलकर दी परीक्षा

सरकंडा स्थित रामदुलारे मिश्रा हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर एक महिला परीक्षार्थी को डार्क कलर के कपड़े पहनने के कारण प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा निर्देशों में हल्के रंग के कपड़े पहनकर आने का नियम था। महिला ने तुरंत दूसरे कपड़े का इंतजाम कर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्राप्त की।

90% थ्योरी, 75% टेक्निकल सवालों ने बढ़ाई मुश्किलें

100 अंकों के प्रश्न पत्र में 90% सैद्धांतिक और 10% संख्यात्मक प्रश्न थे। परीक्षार्थियों के अनुसार 75% टेक्निकल और 25% नॉन-टेक्निकल प्रश्न पूछे गए। प्रश्न पत्र में चार विकल्पों में से सही उत्तर चुनना था, लेकिन प्रश्नों की जटिलता के कारण परीक्षार्थियों को एक-एक प्रश्न को पढ़ने में काफी समय लगा।

दिलचस्प प्रश्न:अधिकतर निर्माण विवाद किसके बीच होता है..? एग्जाम सेंटर से निकलते ही परीक्षार्थियों को एक प्रश्न पर बात करते देखा गया, वह दिलचस्प प्रश्न था-‘अधिकतर निर्माण विवाद किसके बीच होते हैं’। वैकल्पिक उत्तर में क्रमश: श्रमिक और इंजीनियर, इंजीनियर और ठेकेदार, ठेकेदार और ग्राहक और ठेकेदार और जनता के बीच होता है। परीक्षार्थियों को इन्हीं में सही उत्तर का चयन करना था।