बिलासपुर में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम ने फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्मार्ट सिटी की तरफ से करोड़ों रुपए खर्च कर बनाए गए फुटपाथों पर अवैध कब्जे के कारण पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही थी। शुक्रवार को जोन क्रमांक 4 के अंतर्गत व्यापार विहार से महाराणा प्रताप चौक तक बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया।
इस दौरान फुटपाथ पर ठेला और दुकान लगाने वालों से 25 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में पैदल चलने के अधिकार को संविधान के अनुच्छेद 19(1)(डी) और अनुच्छेद 21 के तहत मौलिक अधिकार घोषित किया है। कोर्ट ने केंद्र और संबंधित प्राधिकरणों को दो सप्ताह के भीतर फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने का आदेश दिया था।
व्यापार विहार से महाराणा प्रताप चौक फुटपाथ तक एक्शन
नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर बिलासपुर में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को जोन क्रमांक-4 और अतिक्रमण विरोधी टीम ने व्यापार विहार से महाराणा प्रताप चौक तक फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया।
इस कार्रवाई के तहत फुटपाथ पर दुकान का सामान रखकर, अस्थायी ठेले लगाकर या अन्य माध्यमों से आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमणकारियों को हटाया गया। विभिन्न अतिक्रमणकारियों से कुल 25 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया।
निगम की टीम ने अतिक्रमणकारियों को दोबारा फुटपाथ पर कब्जा न करने की सख्त हिदायत दी। इसी तरह बृहस्पति बाजार क्षेत्र में भी फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अब निगम की टीम द्वारा फुटपाथों को पैदल चलने वाले नागरिकों के लिए सुगम बनाए रखने हेतु लगातार निगरानी की जाएगी।
फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखना प्राथमिकता- कमिश्नर
निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों के फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि फुटपाथ आम नागरिकों के पैदल आवागमन के लिए हैं, इसलिए उन्हें अतिक्रमण मुक्त रखना निगम की प्राथमिकता है। अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माना वसूली की जाएगी