छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कुनकुरी पुलिस ने शनिवार को जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने विधवा से फर्जी तरीके से जमीन रजिस्ट्री कर 36.50 लाख रुपए की ठगी की थी। इसके अलावा भारतमाला प्रोजेक्ट की 21 लाख रुपए की मुआवजा राशि भी हड़प ली थी।
पीड़िता गोरेती मिंज ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि पति अनिल मिंज शिक्षक थे। जिनका 2021 में निधन हो गया। विभाग की ओर से उन्हें 56 लाख रुपए मिले थे। वह कुनकुरी क्षेत्र में जमीन खरीदना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने अपने दामाद की मदद ली।
दामाद ने कुनकुरी के डुगडुगिया निवासी नीरज प्रजापति से संपर्क कराया। नीरज और उसके साथी दिलीप राम ने पीड़िता को एनएच 43 के पास खसरा नंबर 345/1 की 10 डिसमिल जमीन दिखाई। जमीन का सौदा 30 लाख रुपए में तय हुआ। पीड़िता ने एक लाख रुपए एडवांस देकर 5 मई 2023 को एग्रीमेंट किया।
बहन की शादी के नाम पर लिए एक्स्ट्रा 6 लाख
आरोपियों ने बहन की शादी के बहाने 2.5 लाख रुपए और वसूल लिए। रजिस्ट्री के समय 10 की जगह 12 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री का बहाना बनाकर 6 लाख रुपए और लिए गए। इसके बाद 20 जून 2023 को जशपुर में रजिस्ट्री कराई गई। पीड़िता ने नीरज प्रजापति के बैंक खाते में कुल 29 लाख रुपए ट्रांसफर किए।
रजिस्ट्री के बाद हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा
नाम ट्रांसफर के दौरान पता चला कि खसरा नंबर 345/1 की न होकर 345/14 की हुई है। जो कि भारतमाला प्रोजेक्ट के अधीन चली गई है और उसमें नामांतरण नहीं हो सकता। इस बीच यह भी पता चला कि खसरा नंबर 345/1 की जमीन को दिलीप राम पहले ही किसी और को बेच चुका है।
भारतमाला मुआवजा भी हड़पी
जांच में यह बात भी सामने आई कि जिस 12 डिसमिल जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराई गई, वह भारतमाला योजना के तहत अधिग्रहित हो चुकी थी। आरोपियों ने इस जमीन के मुआवजा के रूप में मिलने वाली 21 लाख रुपए भी फर्जी मालिक बनकर हड़प ली। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो 12 लाख 60 हजार रुपए तो लौटा दिए गए, लेकिन बाकी पैसों के लिए बहानेबाजी करते रहे।
आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
इस पूरे मामले में पुलिस ने नीरज प्रजापति (39), निवासी डुगडुगिया, नदिलीप राम (29), निवासी खूंटी टोली, गोवर्धन यादव (32), निवासी सीरिमकेला और घनश्याम यादव (53 ), निवासी सीरिमकेला को को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इनके खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 120(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। भू-माफियाओं के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला से धोखाधड़ी कर दूसरी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने वाले चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। लोगों को ऐसे भू-माफियाओं से सावधान रहना चाहिए। पुलिस इस प्रकार के षड्यंत्रों को बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर किसी के साथ ऐसा धोखा होता है, तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करें।