छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लूट के 2 आरोपियों को उम्रकैद की सजा मिली है। घटना 3 साल पहले की है। जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक को आरोपियों ने चाकू मारकर मोबाइल लूटा था। घटना में युवक की हथेली कटकर अगल हो गई थी। मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।
सोमवार (4 अगस्त) को जिला न्यायालय ने कहा- ‘मॉर्निंग वॉक पर हजारों लोग निकलते हैं। ऐसे में वे भी सुरक्षित नहीं है। यह सिर्फ चोट का मामला नहीं, बल्कि सामाजिक चिंता का विषय है। इससे भय का माहौल बनता है।’ इसी आधार पर कोर्ट ने न्यूनतम की जगह कठोर सजा देने का फैसला लिया। दोनों पर 90 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है।
अब जानिए क्या है पूरा मामला
लोक अभियोजक राहुल गुप्ता ने बताया कि घटना 1 सितंबर 2022 की है। सुबह करीब पौने 5 बजे देवेंद्र साहू मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। तभी गोंदवारा के एकता नगर के पास एक्टिवा सवार 2 बदमाश पहुंचे। एक ने देवेंद्र का कॉलर पकड़ा और दूसरे ने चाकू से हमला कर दिया।
हमले के दौरान चाकू से कटी हथेली
देवेंद्र ने चाकू पकड़ने की कोशिश की तो उसकी हथेली कट गई। इसके बाद बदमाशों ने उसकी जेब से 13 हजार का मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए। देवेंद्र ने हिम्मत दिखाते हुए भागते बदमाशों की गाड़ी का नंबर नोट किया और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई।
कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
पुलिस ने शेख शब्बीर (24 साल) और आशीष मिर्झा उर्फ लियॉन उर्फ बबलू (25 साल) दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले की चार्जशीट कोर्ट में पेश की गई थी। आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाने के साथ-साथ कोर्ट ने एक आरोपी पर 40 हजार और दूसरे पर 50 हजार रुपए जुर्माना लगाया है। दोनों रायपुर के रहने वाले हैं।