छत्तीसगढ़ के बलरामपुर के एक युवक का कार सवार दो लोगों ने अपहरण कर लिया और उसे उत्तर प्रदेश ले गए

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बलरामपुर के एक युवक का कार सवार दो लोगों ने अपहरण कर लिया और उसे उत्तर प्रदेश ले गए। किडनैपरों ने युवक के परिवार को फोन कर तीन लाख रुपए की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर युवक को जान से मारने की धमकी दी। युवक दो दिनों से लापता था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और उत्तर प्रदेश जाकर युवक को किडनैपरों के चंगुल से छुड़ाया।

यह मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, वाड्रफनगर क्षेत्र के रजखेता गांव का निवासी विजय मरकाम 6 अगस्त से लापता था। अगले दिन, 7 अगस्त को विजय के मोबाइल नंबर से उसके भाई बृजेश सिंह को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया।

कॉल करने वाले ने कहा कि विजय उनके कब्जे में है। अगर शाम तक तीन लाख रुपए लेकर आओ, नहीं तो तुम्हारे भाई को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। इसके बाद 8 अगस्त की सुबह किडनैपरों ने फिर से कॉल किया और तीन लाख रुपए की मांग की।

बीजपुर में मिला लोकेशन, पुलिस ने किया बरामद

जब बृजेश सिंह को उसका भाई विजय मरकाम नहीं मिला, तो उसने बसंतपुर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आईपीसी की धारा 140(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में विजय मरकाम का मोबाइल लोकेशन उत्तरप्रदेश के बीजपुर में मिला। इसी लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम बीजपुर पहुंची। वहां आरोपियों ने विजय को एक मोबाइल टावर के पैनल रूम में बंद कर रखा था। पुलिस ने उसे वहां से बरामद कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में बीजपुर (उत्तरप्रदेश) के दो आरोपियों सद्दाम अंसारी (34 वर्ष) और रोहित कुमार चौरसिया (26 वर्ष) को हिरासत में लिया है। इनके पास से किडनैपिंग में इस्तेमाल की गई कार (नंबर – यूपी 64 बीबी 0342) भी जब्त की गई है।

लकड़ी तस्करी को लेकर विवाद में अपहरण पुलिस पूछताछ में पता चला कि विजय मरकाम का अपहरण लकड़ी तस्करी के विवाद में किया गया था। आरोपियों ने 6 अगस्त को विजय को प्रेमनगर चौक में बुलाया और यह कहकर कार में बैठा लिया कि चलो, लकड़ी देखकर आते हैं। दोनों आरोपी लकड़ी तस्करी के कारोबार से जुड़े हैं।

दोनों विजय को लेकर यूपी चले गए और उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद उन्होंने विजय के परिवार से तीन लाख रुपए की फिरौती मांगी। आरोपियों ने कहा कि विजय मरकाम की मुखबिरी के कारण उन्हें तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई नहीं होने पर वे उसे जान से मार देंगे।

अपहरण के दौरान कार में 3 आरोपी सवार थे, जिनमें से एक रास्ते में उतर गया था। युवक को किडनैप कर रखने में दो अन्य आरोपी शामिल थे, जो पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गए हैं। पुलिस घटना में संलिप्त तीन अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

बसंतपुर थाना प्रभारी जितेन्द्र सोनी ने बताया कि अपहृत विजय के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 58, 61, 3(5), और 127(7) जोड़ी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।