स्व-सहायता समूह में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाने वाली एक महिला ठग को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesस्व-सहायता समूह में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाने वाली एक महिला ठग को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला सीधे-साधे ग्रामीणों को झांसा देकर उनके नाम पर मुद्रा और पर्सनल लोन पास करवाती थी। लोन की रकम मिलते ही वह पूरी राशि खुद हड़प लेती थी। इस तरह महिला ने लगभग 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से पासबुक, लोन कार्ड और आधार कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

गांव की कई महिलाओं को झांसे में लिया जामुल पुलिस के अनुसार, कुरुद निवासी प्रार्थिया त्रिवेणी साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव की ही रहने वाली विद्या साहू (33) ने समूह में निवेश के नाम पर कई महिलाओं को झांसे में लिया। आरोपी महिला ग्रामीणों को भरोसा दिलाती थी कि स्व-सहायता समूह में पैसे लगाने पर उन्हें बड़ा लाभ मिलेगा। महिलाएं जब उसके झांसे में आ गईं, तो उसने उनके दस्तावेज लेकर बैंक से मुद्रा और पर्सनल लोन मंजूर करवाए। लोन की राशि जैसे ही बैंक खाते में आती, आरोपी महिला छल-पूर्वक पूरी रकम खुद ले लेती थी। यही नहीं, महिलाओं को शक न हो और वे बैंक से लेनदेन न कर सकें, इसके लिए वह उनके एटीएम कार्ड, पासबुक और पहचान पत्र भी अपने पास ही जमा रख लेती थी।

घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा शिकायत मिलने के बाद जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया। 20 अगस्त को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी विद्या साहू को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी महिला ने महिलाओं के नाम पर लोन निकलवाकर पूरी रकम खुद खर्च करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने जब्त किया बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड पुलिस ने आरोपी विद्या साहू (33 वर्ष, निवासी भाठापारा बाजार चौक, ग्राम कुरुद) के कब्जे से पीड़िता महिलाओं के नाम पर जारी दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बैंक पासबुक एवं लोन कार्ड, एटीएम कार्ड, मजदूर कार्ड एवं आधार कार्ड जब्त कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई पूरी कर आरोपी महिला को 21 अगस्त को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।