3 करोड़ की हेरोइन केस…दो और आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में पाकिस्तान से जुड़े ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ रायपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस सिंडिकेट के मास्टरमाइंड से पूछताछ के बाद रायपुर पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम रविंद्र कुमार साहू और अभिषेक रजक है।

ये दोनों आरोपी सिंडिकेट के लिए कुरियर ब्वॉय का काम करते थे। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ड्रग्स सप्लाई की बात कबूल की है। इनकी गिरफ्तारी के बाद ड्रग्स सिंडिकेट केस में अब कुल आरोपियों की संख्या 11 हो गई है। पुलिस जल्द ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले का खुलासा करेगी।

चार एजेंसियां जांच रही केस

वर्चुअल नेटवर्क बनाकर पिछले आठ महीने से रायपुर में ड्रग्स सिंडिकेट ऑपरेट कर रहे इस गिरोह के खिलाफ रायपुर पुलिस के साथ-साथ आईबी, नारकोटिक्स और एटीएस भी जांच कर रही हैं। आईबी टीम के अफसर पुलिस रिमांड पर लाए गए मास्टर माइंड लवजीत सिंह उर्फ बंटी से पूछताछ कर चुके हैं। लवजीत सिंह से नेटवर्क, सप्लाई और सिंडिकेट से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन जानकारियों के आधार पर जांच एजेंसियां आगे की कार्रवाई कर रही हैं।

ड्रग्स नेटवर्क की कड़ी को समझिए

पंजाब के गुरदासपुर का रहने वाला लवजीत सिंह उर्फ बंटी इस इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट का मास्टरमाइंड था। शुरुआती जांच में पता चला कि वह पाकिस्तान के तस्करों से ड्रग्स मंगवाता था, जिसे गुप्त तरीके से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करवाया जाता था।

सीमा पार होने के बाद नशे का सामान पंजाब के बॉर्डर एरिया में सुरक्षित ठिकानों पर छुपाया जाता था। यहीं से लवजीत का मुख्य ऑपरेशन चलता था और वह वहां से भारत के अलग-अलग राज्यों में ड्रग्स की थोक सप्लाई करता था, जिनमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है। छत्तीसगढ़ में सुवित श्रीवास्तव लवजीत सिंह द्वारा भेजी गई हेराइन को खपाता था।