बालोद जिले के गुरूर क्षेत्र में किसानों से अनाज खरीदकर करीब 10.79 लाख रुपए का भुगतान नहीं करने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबालोद जिले के गुरूर क्षेत्र में किसानों से अनाज खरीदकर करीब 10.79 लाख रुपए का भुगतान नहीं करने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बाजार से ज्यादा कीमत देने का झांसा देकर सोंहपुर और रमतरा के करीब 25 किसानों से चना, अरहर, लाखड़ी, बटरी समेत अन्य अनाज खरीदा था।

अनाज पिकअप में भरकर ले जाने के बाद किसानों को पैसे नहीं दिए गए। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल पिकअप वाहन CG 24 E 1300 भी जब्त किया है। वहीं एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

ग्राम सोंहपुर निवासी मिथलेश कुमार साहू और अन्य किसानों ने 20 अगस्त को गुरूर थाने में सामूहिक शिकायत दर्ज कराई थी। किसानों ने बताया कि अप्रैल 2026 में हितेश्वर मंडावी और भानुप्रताप सिन्हा सोंहपुर पहुंचे थे। उन्होंने इमेन्द्र कुमार ठाकुर के जरिए किसानों से संपर्क किया और अनाज बाजार से ज्यादा कीमत पर खरीदने की बात कही।

एक किसान से 20.91 क्विंटल चना करीब 5,200 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का सौदा हुआ। अनाज पिकअप में भरकर ले जाने के बाद कुछ समय में पूरा भुगतान करने का भरोसा दिया गया, लेकिन करीब 1.08 लाख रुपए का भुगतान नहीं किया गया।

दो गांवों के 25 किसानों से खरीदा अनाज

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सोंहपुर के करीब 13 किसानों से 5.74 लाख रुपए और रमतरा के करीब 12 किसानों से 5.05 लाख रुपए का अनाज खरीदा था। इस तरह दोनों गांवों के करीब 25 किसानों से कुल 10.79 लाख रुपए का अनाज खरीदा गया, लेकिन उन्हें भुगतान नहीं किया गया।

पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूला

किसानों की शिकायत पर गुरूर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बोरतरा निवासी भानुप्रताप सिन्हा (31) और सोंहपुर निवासी इमेन्द्र कुमार ठाकुर (39) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन CG 24 E 1300 जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है।

दो आरोपी जेल गए, तीसरे की तलाश

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 21 अगस्त को गिरफ्तार कर बालोद सीजेएम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले का एक अन्य आरोपी हितेश्वर मंडावी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।