मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के नगर निगम चिरमिरी में पीलिया का प्रकोप जारी

Chhattisgarh Crimesमनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के नगर निगम चिरमिरी में पीलिया का प्रकोप जारी है। इस बीमारी से अब तक दो युवकों की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय कार्तिक और 30 वर्षीय गोपी पढवार के रूप में हुई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पीलिया से पीड़ित मरीजों में सबसे अधिक संख्या बच्चों की है। विशेष रूप से वार्ड नंबर 20, 21 और 22 में लोग लगातार इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं।

हाल ही में चिरमिरी के एसडीएम विजेंद्र सारथी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, पीएचई विभाग के अधिकारियों और नगर निगम की टीम ने प्रभावित वार्डों का दौरा किया। उन्होंने सर्वे कार्य भी पूरा किया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

दूषित पानी से लोग पीलिया से हो रहे बीमार

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति की जा रही है, जिसके कारण लोग पीलिया से पीड़ित हो रहे हैं। कुछ लोग इलाज के लिए झाड़-फूंक का भी सहारा ले रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को इलाज कराने और पानी उबालकर पीने की सलाह दे रहा है। अधिकारी स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं और बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए प्रयास कर रहे हैं।