छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बरगीडीह में दंतैल हाथी ने गांव के बाहर मवेशियों के पास झोपड़ी बनाकर सो रहे ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। सुबह ग्रामीण का शव झोपड़ी में पड़ा मिला। हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत से आसपास के गांवों में दहशत है। मृत ग्रामीण पूर्व में वन विभाग का चौकीदार था। मामला घुई वन परिक्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर ब्लॉक के धूमाडांड का निवासी बलदेव गोंड़ (40) ने अपने मवेशियों को चराने और उनकी देखरेख के लिए धूमाडांड और बड़वार के बीच बरगीडीह में अपने खेत के पास बथान बनाया था। मवेशियों को बाड़े में डालकर बलदेव पास बनी झोपड़ी में सो गया था। देर रात जंगल से निकला हाथी उसके पास पहुंच गया। सोते समय बलदेव को उसने पटक कर कुचल दिया।
इलाके में कई हाथी, दहशत में लोग
एसडीओ फारेस्ट संस्कृति बारले ने बताया कि, ग्रामीण को कुचलने वाला हाथी सेमरसोत अभ्यारण से पहुंचा था। वो हाथी अकेले ही विचरण कर रहा है। ग्रामीण ने जंगल किनारे बथान बनाकर रखा था और वहीं सो रहा था। हाथी के पास आने की भनक उसे नहीं लग सकी।
वर्तमान में घुई रेंज में 16 हाथी विचरण कर रहे हैं। वहीं प्रतापपुर के सरहरी के पास 25 से 30 हाथियों का दल पहुंचा हुआ है जो सरगुजा से बलरामपुर होते हुए सूरजपुर वन परिक्षेत्र में पहुंच गया है।
ग्रामीण को कुचलकर मार डालने की सूचना पर वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे। वनविभाग द्वारा धूमाडांड, बड़वार और आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है। ग्रामीणों को जंगल न जाने की सलाह दी जा रही है। प्रतापपुर इलाके के सरहरी क्षेत्र में भी हाथियों की मौजूदगी की सूचना देते हुए ग्रामीणों को सतर्क किया गया है।