सूरजपुर जिले के रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के चुकननाखा जंगल में एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में शिवनगर निवासी देवसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में डर का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, देवसिंह किसी काम से जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना भालू से हो गया। वे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में देवसिंह के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें भालू से बचाया।
घटना के बाद घायल देवसिंह को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों में डर, निगरानी बढ़ाने की मांग
घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई है। चुकननाखा इलाके में भालू के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और जंगल के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को वन्यजीवों से सावधान रहने के लिए जागरूक करने की मांग की है।
वन विभाग ने अकेले जंगल जाने से किया मना
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं। खासकर सुबह और शाम के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। विभाग घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है और इलाके में जरूरी सुरक्षा एवं निगरानी के कदम उठाए जा रहे हैं।