छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गर्भवती महिला की मोबाइल टॉर्च की रोशनी में डिलीवरी कराई गई। प्रसव के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई थी। इसके बाद नर्स ने डिलीवरी वार्ड से बाहर खड़े शख्स से मोबाइल मांगकर टॉर्च की रोशनी में टांके लगाए।
इस दौरान तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया। वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में दिख रहा है कि अस्पताल के वार्ड में मोमबत्तियां भी जलाई गई हैं, ताकि वार्ड में अंधेरा न रहे।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, बेलसरी निवासी ज्योति नाम की महिला को रविवार रात घर पर प्रसव पीड़ा होने पर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां दर्द तेज होने पर उसे भर्ती कर लिया गया। प्रसव के लिए उसे ओटी में ले जाया गया, तभी अचानक स्वास्थ्य केंद्र की लाइट चली गई।
नर्स ने टॉर्च की रोशनी में किया प्रसव
इस दौरान ऑपरेशन थिएटर में अंधेरा छा गया। अंधेरे की वजह से नर्स परेशान हो गईं। प्रसव कराते समय टांके लगाने की स्थिति आई, तो नर्स ने बाहर खड़े व्यक्ति से मोबाइल मंगवाया। टॉर्च की रोशनी में टांके लगाए। समय रहते सुझबूझ दिखाने से महिला और नवजात दोनों सुरक्षित हैं
मरीज परेशान, परिजन हवा करते रहे
तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद मरीज बिजली न रहने से परेशान होते रहे। वार्डों में भर्ती मरीज उमस भरी गर्मी के बीच मरीजों को गमछे से हवा करते दिखे। इससे मरीजों की हालत और बिगड़ने का खतरा बना रहा।
इलेक्ट्रीशियन होता तो फेस बदल देता, आधे घंटे बिजली गुल थी- बीएमओ
BMO उमेश कुमार साहू ने बताया कि, स्वास्थ्य केंद्र में थ्री फेज कनेक्शन है। जिस समय बिजली गई थी, एक फेज चालू था। अगर इलेक्ट्रीशियन मौके पर होता तो फेस बदलकर बिजली बहाल की जा सकती थी। हालांकि करीब आधे घंटे में बिजली बहाल कर दी गई।
उन्होंने कहा कि, यह कहना गलत है कि सुबह से ही बिजली बंद थी। दिनभर लाइट बंद होने के कारण इन्वर्टर साथ नहीं दे पाया। प्रसूता की स्थिति गंभीर होने और इमरजेंसी होने के कारण मोबाइल की टॉर्च की रोशनी से प्रसव कराया गया।