रायपुर में ठेकेदार ने पत्रकार को खराब सड़क निर्माण की रिपोर्टिंग करने पर जान से मारने की धमकी दी

Chhattisgarh Crimesरायपुर में ठेकेदार ने पत्रकार को खराब सड़क निर्माण की रिपोर्टिंग करने पर जान से मारने की धमकी दी है। फोन पर दी गई धमकी का वीडियो भी सामने आया है। ठेकेदार पत्रकार को कह रहा है कि मैं बहुत घटिया आदमी हूं, कैमरे के सामने 10 लोग के साथ मिलकर पीटूंगा।

पत्रकारों ने पुलिस थाने समेत गृहमंत्री विजय शर्मा और डीजीपी को शिकायत दी है। यह पूरा मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक पत्रकार नागेंद्र निषाद खुद का यूट्यूब चैनल चलाते हैं।

नागेंद्र ने बताया कि वे जनता से जुड़े मुद्दों की कवरेज करते हैं। 18 अगस्त को उन्होंने अपने चैनल पर गोबरा नवापारा के वार्ड 3 में नवनिर्मित सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल किया। इस खबर में वार्ड के लोगों ने खराब सड़क निर्माण को लेकर शिकायत की। इस कवरेज के बाद ठेकेदार रजत बंगानी ने पत्रकार को फोन किया।

ठेकेदार गाली-गलौज कर धमकाने लगा

ठेकेदार रजत बंगानी ने फोन पर पत्रकार से जमकर गाली-गलौज की। फिर उसे धमकाने लगा। ठेकेदार रजत बंगानी ने कहा कि यह सड़क उसने बनाई है, अगर वार्ड के लोगों को सड़क खराब लग रही है, तो इससे मतलब नहीं है। ठेकेदार धमकी देते हुए खबर को हटाने के लिए कहने लगा। लेकिन पत्रकार ने उसे मना कर दिया। जिसके बाद ठेकेदार भड़क गया।