छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक वकील की हत्या की साजिश नाकाम हो गई है। जमीनी विवाद में चचेरे भाई ने 60 हजार रुपए की सुपारी दी थी। चोरी के मामले में पकड़े गए सुपारी किलर के वॉट्सऐप चैट से इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने गुरुवार को दोनों का गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला कोंडागांव थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, राजकुमार बघेल (41) ग्राम दहिकोंगा का रहने वाला है। वह पेशे ने किसान है, जबकि उसके चचेरा भाई का नाम कंवल सिंह बघेल है, जो पेशे से वकील है। दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते राजकुमार ने कंवल की हत्या की साजिश रची थी।
जानिए कब और कैसे हुआ मामले का खुलासा?
दरअसल, 19 अगस्त की रात एक प्रोविजन स्टोर में चोरी हुई थी। पुलिस टीम ने CCTV फुटेज के आधार पर दुर्ग के रहने वाले मो. मजहर अली खान (42) को हिरासत में लिया।
उसके मोबाइल की जांच में राजकुमार बघेल के साथ हुई चैटिंग का पता चला। पूछताछ में सामने आया कि राजकुमार ने मजहर को वकील की हत्या के लिए 60 हजार रुपए की सुपारी दी थी।
चचेरे भाई ने कबूला जुर्म
इसके बाद पुलिस ने वकील के भाई को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया और बताया कि उसका चचेरे भाई कंवल सिंह से 2021 से जमीन विवाद चल रहा है। यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई।
दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया
SP वाय अक्षय कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपी के खिलाफ धारा 61(2), 55 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मो. मजहर अली खान के खिलाफ दुर्ग में चोरी के मामले में दर्ज हैं।