छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पामगढ़ से कांग्रेस की महिला विधायक शेषराज हरबंश का ऑडियो वायरल है। ऑडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता से रेत खनन और परिवहन के साथ-साथ कलेक्टर-SDM को पैसे देने की बात की जा रही है। विधायक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए ऑडियो को AI जनरेटेड बताया।
विधायक शेषराज हरबंश ने कहा इस मामले में FIR कराएंगे। उनकी ही पार्टी के सदस्यों ने छवि धूमिल करने भाजपा के लोगों के साथ मिलकर साजिश रची है।
बताया जा रहा है कि मामला दिसंबर 2024 का है। आरोपों के अनुसार अवैध रेत खनन को लेकर कांग्रेस विधायक और अधिकारियों के बीच 10 लाख में डील हुई थी। वायरल ऑडियो में रेत खनन के लिए तत्कालीन कलेक्टर को 2 लाख, SDM को 2 लाख, विधायक को 5 लाख और राघवेंद्र नाम के शख्स को 1 लाख रुपए दिए जाने की बातचीत हो रही है।
वायरल ऑडियो में पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश से बात कर रहे युवक कांग्रेस कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। जिसमें एक का नाम रोशन भास्कर और दूसरे का नाम राजेश भारद्वाज बताया जा रहा है। जिसमें दोनों विधायक से पैसे के लेनदेन को लेकर बात करते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि, दैनिक भास्कर इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जानिए विधायक ने सफाई में क्या कहा?
इस मामले पर विधायक शेषराज हरबंश ने कहा कि जब से उनका नाम चुनाव में प्रत्याशी के रूप में सामने आया, तभी से कांग्रेस के कुछ लोग उन्हें हराने में जुटे रहे। अब जब वह जीतकर विधायक बनी हैं, तब बीजेपी और कांग्रेस के कुछ नेता मिलकर उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
विधायक ने कांग्रेस के पदाधिकारी राजेश भारद्वाज पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने पामगढ़ की एक सरकारी जमीन को फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कर उसे बेचा। इस मामले को दबाने के लिए राजेश भारद्वाज ने उन्हें कथित रूप से पैसे और जमीन का प्रलोभन भी दिया। जब उन्होंने यह ऑफर ठुकरा दिया, तो बदनाम करने की साजिश रची।