दुर्ग पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुरानी भिलाई, नेवई और धमधा थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 3.712 किलो गांजा, 30 पौव्वा देशी शराब, दो दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और नकद राशि जब्त की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुरानी भिलाई पुलिस को 18 अगस्त को सूचना मिली थी कि हथखोज के बंधवा तालाब के पास दो लोग एक्टिवा से गांजा बेच रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक्टिवा क्रमांक CG04NK1566 पर सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान खुर्सीपार उड़िया मोहल्ला निवासी दिनेश उर्फ दिनू पाल (47) और दीनदयाल उपाध्याय नगर, चरोदा निवासी चंदन झा (43) के रूप में की। तलाशी में उनके पास से 2.430 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई है।
इसके अलावा एक्टिवा, दो मोबाइल फोन और 1,100 रुपए नकद जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत करीब 1.65 लाख रुपए है। पुरानी भिलाई थाने में अपराध क्रमांक 438/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 27(ए) में मामला दर्ज किया गया है।
नेवई डैम के पास गांजा बेच रहा था युवक
नेवई पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक काले रंग की स्प्लेंडर बाइक से नेवई डैम के आसपास घूमकर गांजा बेच रहा है। पुलिस ने नाली किनारे, नेवई बस्ती के पास घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान खरीत हरणा उर्फ राहुल (25), निवासी उत्कल नगर, पद्मनाभपुर के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 1.282 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 63 हजार रुपए है।
पुलिस ने बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक और 250 रुपए नकद भी जब्त किए। कुल जब्ती की कीमत 73,250 रुपए बताई गई है। नेवई थाने में अपराध क्रमांक 555/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 27(ए) में मामला दर्ज किया गया है।
झोले में छिपाकर बेच रहा था शराब
धमधा पुलिस ने ग्राम करेली के पथर्रा खार में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस बोर मशीन भवन के पास पहुंची और घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा।
पूछताछ में उसकी पहचान संजय सिवारे (30), निवासी ग्राम करेली, वार्ड नंबर 9 के रूप में हुई। तलाशी में सफेद-लाल झोले के अंदर रखी सफेद बोरी से 30 पौव्वा देशी प्लेन शराब मिली। इसकी कीमत करीब 2,400 रुपए है। पुलिस ने बिक्री के 480 रुपए भी जब्त किए। कुल जब्ती 2,880 रुपए की हुई।
बाइक से ग्राहकों की तलाश कर रहे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, गांजा बेचने वाले आरोपी दोपहिया वाहनों से आसपास के इलाकों में घूमकर ग्राहकों की तलाश करते थे। वहीं धमधा में आरोपी खार क्षेत्र में शराब छिपाकर बेच रहा था।
तीनों थाना क्षेत्रों में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा और तलाशी के बाद कार्रवाई की। जब्त गांजा और शराब को सीलबंद कर सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।