छत्तीसगढ़ में आज रविवार को 15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। यलो अलर्ट वाले जिलों में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, मुंगेली, कबीरधाम, गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही शामिल हैं। इसके अलावा बलौदाबाजार, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, धमतरी, महासमुंद, बालोद, गरियाबंद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में भी अलर्ट है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और आंधी चलने की भी आशंका है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों में दुर्ग और बस्तर संभाग के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। वहीं, राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से कम रहा।
मौसम विभाग ने 30 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटों में बारिश के आंकड़े:
- मर्री बंगला देवरी में 110 मिमी बारिश हुई।
- राजनांदगांव, बड़ेबचेली और छोटेडोंगर में 80 मिमी बारिश।
- डौंडीलोहारा, दुर्गकोंदल, अंबागढ़ चौकी, अर्जुंदा और तोंगपाल में 70 मिमी बारिश।
- कोंडागांव, डौंडी, माकड़ी, छिंदगढ़, कुमरदा में 60 मिमी बारिश।
- पिथौरा, कांकेर, फरसगांव, धनोरा, खडगांव, मानपुर, औंधी, गुंडरदेही, छुरिया और दंतेवाड़ा में 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश, बेमेतरा में सबसे कम
प्रदेश में अब तक 1154 मिमी औसत बारिश हुई है। बेमेतरा जिले में अब तक 516 मिमी पानी बरसा है, जो सामान्य से 50% कम है। अन्य जिलों जैसे बस्तर, राजनांदगांव, रायगढ़ में वर्षा सामान्य के आसपास हुई है। जबकि बलरामपुर में 1512.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 53% ज्यादा है।