कवर्धा जिले में सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर राहगीरों को भयभीत करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई कोतवाली थाना कवर्धा पुलिस टीम ने की। आरोपी की पहचान रामसिंह (33), पिता दीनू मारकंडे, निवासी महराजपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, रामसिंह बदराडीह तिराहा पर लोहे की तलवार लहराते हुए आने-जाने वाले राहगीरों से गाली-गलौज कर रहा था। वह लोगों को जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। उसकी हरकतों से मौके पर लोगों में डर का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कवर्धा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे की तलवार बरामद की गई।
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। सोमवार को थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 321/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध कायम किया गया है।
पुलिस ने की लोगों से अपील
कबीरधाम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर भय पैदा करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।