छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में दुर्गा मंदिर से चोरी के आरोप में पूर्व सरपंच के बेटे को गिरफ्तार किया गया है। कोसीर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पाट स्थित दुर्गा मंदिर से करीब 1 लाख 20 हजार रुपए के जेवर चोरी हुए थे। यह घटना शुक्रवार रात को हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने अंधेरे का फायदा उठाकर मंदिर में घुसकर मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने का हार चुरा लिया। सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो प्रतिमा से हार गायब देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से कोसीर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
1-1 तोले का जेवरात बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी की पहचान गांव के पूर्व सरपंच शंकर रत्नाकर के बेटे भूलोचन रत्नाकर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी कब्जे से लगभग 1 तोला सोने का हार और एक सोने की माला बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।