छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध सागौन की लकड़ी से फर्नीचर बनाने वाले बढ़ई को दबोचा है। इस कार्रवाई में विभाग की टीम ने लाखों रुपए की लकड़ी, रेडीमेड फर्नीचर और मशीनें जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र की टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम भैंसबोड़ निवासी विकास देवांगन पिता देवनाथ देवांगन घोठिया गांव में अवैध रूप से सागौन लकड़ी जमाकर आलीशान फर्नीचर तैयार कर रहा है। सूचना के बाद वन विभाग और उड़न दस्ता टीम ने सर्च वारंट के आधार पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सागौन लकड़ी और रेडीमेड फर्नीचर बरामद हुआ।
बड़ी मात्रा में लकड़ी और सामान जब्त
36 नग सागौन चिरान
8 नग सागौन लठ्ठा
1 नग बीजा लठ्ठा
1 नग डाइनिंग टेबल सेट
1 नग सागौन चौखट
2 नग सागौन सोफा
1 नग सागौन दीवान
2 नग सागौन दरवाजे
कीमत 2 लाख रुपए
कुल 2.233 घन मीटर सागौन लकड़ी के साथ फर्नीचर निर्माण में उपयोग हो रही सभी मशीनें भी सीज कर दी गईं। दल्लीराजहरा रेंजर संतोष ठाकुर ने बताया कि, जब्त की गई लकड़ी और सामान की कीमत करीब 2 लाख रुपए आंकी गई है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।