छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में लिफ्ट लेने के बहाने एक व्यक्ति से लूट की वारदात हुई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बालोद जिले में लिफ्ट लेने के बहाने एक व्यक्ति से लूट की वारदात हुई है। आरोपी ने सुनसान रास्ते में बाइक ड्राइवर की कमर पर चाकू टिकाते हुए फिल्मी अंदाज में धमकाया। कहा कि, जो भी है दे दे, वरना पेट में चाकू घुसा दूंगा। पहले तो बाइक सवार को यह मजाक लगा, लेकिन जब लुटेरा झूमाझटकी पर उतर आया तो उसने डर के चलते अपनी बाइक और 9 हजार रुपए दे दिया। घटना के बाद पीड़ित ने गुरुर थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना गुरुर थाना क्षेत्र के देवरानी–जेठानी नाला के पास की है।

 

जानिए क्या है पूरा मामला

 

दरअसल, पुरूर निवासी पीड़ित जितेंद्र साहू ने बताया कि, वह सामान खरीदी करने पुरूर से गुरुर आया था। इसी दौरान आरोपी ने पुरूर चौक से उससे लिफ्ट ली और बोहारडीही स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास उतर गया। जब वह पेट्रोल भरवा रहा था, तभी वह दोबारा उसके पास आया और बातचीत करने लगा। कुछ देर बाद उसने फिर से लिफ्ट मांगी। जिस पर पीड़ित ने उसे साथ बैठा लिया।

 

देवरानी–जेठानी पुल के पास रुकवाई बाइक

 

पीड़ित गुरुर में समान खरीदी करने से पहले अपने रिश्तेदार के पास जा रहा था। इसी दौरान देवरानी–जेठानी पुल के पास सुनसान जगह देखकर आरोपी ने बाइक रुकवाई और धमकाते हुए चाकू निकाल लिया। भयभीत युवक ने 9 हजार रुपए नकद और अपनी मोटरसाइकिल (CG 05 W 9474) आरोपी को दे दी। इसके बाद लुटेरा बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

 

आरोपी जल्द गिरफ्तार होगा – थाना प्रभारी

 

इस मामले में थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।