दुर्ग जिले में चाकूबाजी, हत्या और ठगी के अलावा अब चेन स्नेचिंग की घटनाएं भी शुरू हो गई

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में चाकूबाजी, हत्या और ठगी के अलावा अब चेन स्नेचिंग की घटनाएं भी शुरू हो गई है। 5 नवंबर को भिलाई और दुर्ग में दोनों ही जगह चेन स्नेचिंग की घटना हुई है। पहली घटना भिलाई की है जहां घर में फूल तोड़ रही महिला का सोने की चेन छिन कर आरोपी भाग गए।

वहीं दूसरी घटना दुर्ग की है जहां मॉर्निंग वॉक कर रही महिला से आरोपियों ने रास्ता पूछा फिर गले से सोने की चेन खींचकर भाग गए है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में अपराध दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है।

घर के बाहर फूल तोड़ रही थी महिला

5 नवंबर की सुबह करीब 6:40 बजे एक गृहणी से उसके ही घर के बाहर सोने की चैन झपटकर एक अज्ञात बदमाश फरार हो गया। घटना उस समय हुई जब महिला अपने घर की बाउंड्रीवाल के अंदर रोज की तरह गुड़हल के फूल तोड़ रही थी।

पीड़िता ने बताया कि वह रोजाना की तरह 5 नवंबर की सुबह फूल तोड़ रही थी। तभी एक अज्ञात व्यक्ति स्कूटी लेकर उनके घर के सामने रुका और अचानक तेजी से अंदर आकर उनके गले में पहनी हुई करीब दो तोले की सोने की चेन, जिसमें एक लॉकेट लगा था, झपटकर भाग गया। चेन की कीमत लगभग 40 हजार रुपए बताई जा रही है।

शोर मचाया लेकिन वो भाग गए

महिला ने बताया कि उन्होंने तुरंत शोर मचाया और भागते बदमाश के पीछे दौड़ीं, लेकिन वह व्यक्ति अपनी स्कूटी से तेजी से निकल गया। घटना इतनी अचानक हुई कि महिला स्कूटी का नंबर नहीं देख सकीं।

पीड़िता ने बताया कि वारदात की जानकारी उन्होंने अपने पति रमाकांत शर्मा और पड़ोसी मुरली को दी, जिसके बाद सभी ने आसपास तलाश की, लेकिन आरोपी का कुछ पता नहीं चला।

सूचना मिलने के बाद महिला थाने पहुंची और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से स्कूटी और आरोपी की पहचान की जा रही है।

इधर दुर्ग में पता पूछने के बहाने चैन स्नेचिंग

मोहन नगर थाना क्षेत्र के सिंधिया नगर इलाके में सुबह की सैर पर निकली एक महिला के गले से अज्ञात युवक ने सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। महिला रोज की तरह 5 नवंबर की सुबह करीब 5.45 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं।

करीब 6.30 बजे जब वह लौटकर अपने घर की ओर जा रही थीं और सिंधिया नगर स्थित डॉ. तमेर के घर के सामने पहुंचीं, तभी एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से उनके पास आकर रुका। उसने महिला से किसी उषा नाम की महिला का घर पूछते हुए रास्ता जानना चाहा।

महिला जैसे ही दिशा बताने के लिए मुड़ीं, तभी उस व्यक्ति ने उनके गले में पहनी करीब दो तोला वजनी सोने की पुरानी चेन झपट ली और तेजी से बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया। वारदात इतनी अचानक हुई कि महिला आरोपी का चेहरा ठीक से देख नहीं पाईं।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

दुर्ग और भिलाई में हुई चेन स्नेचिंग के मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। दोनों ही मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पुलिस ने बताया कि प्रार्थी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस अब इन सुरागों के आधार पर भी जांच कर रही है।