दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र के स्मृति नगर चौकी पुलिस ने शुक्रवार देर रात दो स्पा सेंटरों में दबिश दी

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र के स्मृति नगर चौकी पुलिस ने शुक्रवार देर रात दो स्पा सेंटरों में दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां मसाज की आड़ में अवैध देह व्यापार चल रहा है। पुलिस ने मौके से एक महिला संचालिका और दो लोगों को पकड़ा है। तीनों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

दुर्ग पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि स्मृति नगर इलाके के लविश फैमिली स्पा एंड सैलून और ड्रीम कैचर स्पा एंड सैलून में मसाज के नाम पर अवैध देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस ने तुरंत टीम बनाई और दोनों जगहों पर छापेमारी की।

दस्तावेजों की भी हुई जांच
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं। पुलिस ने यहां मौजूद लोगों से पूछताछ की और दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान संचालिका और उसके साथियों के खिलाफ आपत्तिजनक स्थिति और अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के पर्याप्त सबूत मिले।

संचालिका और दो सहयोगियों पर कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लविश फैमिली स्पा एंड सैलून और ड्रीम कैचर स्पा एंड सैलून की संचालिका अहिल्या सागरवंशी (36 वर्ष) और उनके पति दिग्विजय सागरवंशी, निवासी सिकोलाभाठा जयंती नगर, थाना मोहन नगर को हिरासत में लिया।

इसके अलावा अंकुश ईखार (29 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल, थाना जामुल को भी संदिग्ध गतिविधियों में पाए जाने पर पकड़ा गया। पुलिस ने तीनों से पूछताछ की और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की।

देहव्यापार की लगातार मिल रही थी शिकायत
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि मसाज के नाम पर लड़कियों को बुलाने और अवैध रूप से देह व्यापार कराने की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस शहर के अन्य स्पा सेंटरों पर भी कार्रवाई करने की योजना बना रही है, जहां पर भी इस तरह की अवैध गतिविधियां चल रही है। नगर पुलिस अधीक्षक भारती मरकाम के निर्देशन में टीम ने दबिश दी।