दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है। सुपेला थाना की स्मृतिनगर पुलिस चौकी ने खम्हरिया क्षेत्र में ग्राहक तलाश रहे 21 वर्षीय युवक को 15 ग्राम चिट्टा/हिरोइन के साथ पकड़ा।

वहीं खुर्सीपार पुलिस ने करीब चार महीने से फरार चल रही 45 वर्षीय महिला को गांजा बिक्री के मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

स्मृतिनगर पुलिस के अनुसार 6 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जुनवानी से खम्हरिया की ओर प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर जा रहा है। वह इसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने खम्हरिया क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो पैकेट बरामद हुए। इनमें कुल 15 ग्राम चिट्टा/हिरोइन मिला। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 40 हजार रुपए बताई है। आरोपी के पास से रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। मादक पदार्थ और मोबाइल समेत कुल जप्ती करीब 3 लाख 70 हजार रुपए की है।

21 साल का आरोपी, अवैध कमाई के लिए नशे का सौदा

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष देव सिंह विज, उम्र 21 वर्ष, निवासी शांतिनगर, सड़क क्रमांक 6/ए, मकान नंबर 404, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से चिट्टा/हिरोइन लेकर संभावित ग्राहकों की तलाश कर रहा था।

आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1133/2026 में धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

चार महीने पहले छापे में महिला भाग निकली थी

दूसरी कार्रवाई खुर्सीपार थाना क्षेत्र की देवार बस्ती में दर्ज गांजा बिक्री के मामले में हुई। पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवार बस्ती में कुछ लोग और एक महिला अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।

मौके से हीरा सिंह, पिता विजेंद्र सिंह, उम्र 18 वर्ष, निवासी कैनाल रोड खुर्सीपार को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं उसकी सहयोगी महिला आरोपी सविता देवार मौके से फरार हो गई थी। पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही थी।

लगातार पतासाजी के बाद पकड़ी गई सविता

करीब चार महीने तक फरार महिला की पतासाजी के बाद 7 अगस्त को पुलिस ने सविता देवार, उम्र 45 वर्ष, निवासी देवार बस्ती खुर्सीपार, भिलाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने गांजा बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस मामले में पुलिस ने 3 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया था। इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 69 हजार 550 रुपए बताई गई है। प्रकरण में धारा 20(ख), 27A एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।