छत्तीसगढ़ के सूरजपुर से एक प्राइवेट स्कूल में नर्सरी कक्षा के एक छात्र को होमवर्क न करने पर टीचर ने घंटों पेड़ से लटकाए रखा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में अभिभावकों ने स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं, स्कूल संचालक सुभाष शिवहरे ने इस घटना को मामूली बताया। उनका कहना है कि बच्चा पढ़ाई में कमजोर था और उसे डराने के लिए ऐसा किया गया था ताकि वह पढ़ाई पर ध्यान दे।
विवाद बढ़ने पर शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। उन्होंने मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही है। इधर, मामला तूल पकड़ने के बाद टीचर ने अपनी गलती मान ली है।
होमवर्क नहीं करने पर टीचर ने दी सजा
दरअसल, यह मामला नारायणपुर के हांसवानी विद्या मंदिर का है। इस स्कूल में नर्सरी से आठवीं के छात्र पढ़ते हैं। जानकारी के अनुसार, सोमवार को जब स्कूल खुला तो बच्चे समय पर स्कूल पहुंचे। इसी बीच नर्सरी क्लास में जब पढ़ाई शुरू हुई तो टीचर काजल साहू ने होमवर्क चेक किया। इसी दौरान एक छात्र ने अपना होमवर्क पूरा नहीं किया था। इसपर टीचर काजल साहू बच्चे पर भड़क गई।
रस्सी के सहारे पेड़ से घंटों तक लटकता रहा बच्चा
टीचर ने बच्चे सजा के तौर पर क्लास से बाहर निकाल दिया। इसके बाद स्कूल परिसर में एक पेड़ से रस्सी के सहारे उसे को लटका दिया। बच्चा रस्सी के सहारे घंटों तक लटकता रहा। इस दौरान बच्चा रोता रहा, टीचर से उसे छोड़ने के लिए कहता रहा, लेकिन उन्होंने बच्चे की बिल्कुल भी नहीं सुनी।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा
जिस समय बच्चे को पेड़ से लटकाया गया था, उसी दौरान किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल के बाहर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन किया।
टीचर ने मानी गलती
वहीं मामला तूल पकड़ने पर जब टीचर काजल साहू का पक्ष जानने के लिए उससे बातचीत की गई तो वो रो पड़ी। टीचर ने अपनी गलती मान ली है। उन्होंने कहा- पहली बार उससे गलती हो गई है।
बीईओ ने की मामले की जांच
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) डीएस लकड़ा मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।
स्कूल संचालक ने घटना को मामूली बताया
वहीं, स्कूल संचालक सुभाष शिवहरे ने बताया कि घटना को लेकर डीईओ कार्यालय से फोन आया, जिसके बाद मैं स्कूल पहुंचा। उन्होंने बताया कि टीचर ने बच्चे को टीशर्ट के सहारे को पेड़ से लटकाने का प्रयास किया था। ताकि बच्चे में डर पैदा हो और वो पढ़कर आए।
उन्होंने बताया कि बच्चा आसपास के बच्चों को मार रहा था। पढ़ाई के टाइम डिस्टर्ब कर रहा था। बच्चे को डराने के लिए टीचर ने इस तरह की सजा दी गई।
बच्चे के परिजन संतोष कुमार साहू ने इस घटना पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है।
DEO बोले-कराई जा रही है जांच मामले में सूरजपुर डीईओ अजय मिश्रा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। रामानुजनगर BEO डीएस लकड़ा और BRC को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।