धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था चरम पर, किसानों की समस्याओं पर प्रशासन उदासीन – संजय नेताम

Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimes

पूरन मेश्राम/मैनपुर। जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने हाल ही मे शोभा, मैनपुर, जिड़ार एवं गौरघाट स्थित धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर किसानों से प्रत्यक्ष चर्चा की। निरीक्षण के दौरान किसानों ने धान खरीदी व्यवस्था में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत की।किसानों ने बताया कि धान खरीदी केंद्रों में लिमिट अत्यंत कम होने के कारण धान की खरीदी समय पर नहीं हो पा रही है।
मिलर्स द्वारा दिया जा रहा पुराना बारदाना पूरी तरह फटा हुआ है, जिससे धान नीचे गिर रहा है।कई किसानों का रकबा शून्य कर दिया गया है, जिससे वे धान बेचने से वंचित हो रहे हैं।
कई केंद्रों में धान का उठाव नहीं हो रहा, जिससे किसानों को रात-रात भर लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान श्री नेताम ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से चर्चा कर जिड़ार एवं गौरघाट धान खरीदी केंद्रों की लिमिट तत्काल बढ़ाने की मांग की तथा घटिया बारदाने की आपूर्ति करने वाले मिलर्स पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। बार-बार अवगत कराने के बावजूद किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देना प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
धान खरीदी के नाम पर किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इस पूरे मामले को जिला प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक उठाया जाएगा।