जांजगीर-चांपा जिले के बसंतपुर मुख्यमार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार बुजुर्ग दंपति को कुचल दिया

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के बसंतपुर मुख्यमार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार बुजुर्ग दंपति को कुचल दिया। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना बिर्रा थाना क्षेत्र की है। मृतक महिला की पहचान अनसुईया कहरा (55 साल) के रूप में हुई है, जबकि उनके पति राधेश्याम कहरा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद भागा ट्रेलर ड्राइवर

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बिर्रा पुलिस को सूचना मिलने पर टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

वापस अपने घर लौट रहे थे दंपति

बिर्रा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खोखरा निवासी राधेश्याम कहरा अपनी पत्नी अनसुईया कहरा के साथ गुरुवार को महासमुंद जिले के बागबहरा गए थे। वहां से लौटकर वे रात में चिस्दा गांव में अपने परिजन के घर रुके थे।

शुक्रवार तड़के वे खोखरा गांव जाने के लिए बाइक से निकले थे। बसंतपुर गांव के मोड़ पर बिर्रा की ओर से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। पुलिस के अनुसार, सुबह अधिक कोहरा होने के कारण सड़क पर धुंध थी, जिससे यह सड़क हादसा हुआ।