छत्तीसगढ़ के उत्तर-मध्य क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई इलाकों में अगले 2 दिनों तक घने कोहरे की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर और बिलासपुर संभाग के एक-दो इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा।
वहीं अगले 3 दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके अलावा मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
तापमान में हल्की बढ़ोतरी के चलते ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों को सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रदेश में बीते 24 घंटों की बात करें तो सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 27.8°C जांजगीर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.2°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
6 से ज्यादा शहरों का तापमान 10 डिग्री के नीचे चल रहा है। सरगुजा में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। ठंड से बचने के लिए लोग सुबह और शाम के समय अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं पेंड्रा में भी लगातार ठंड बढ़ रही है। यहां भी सुबह घना कोहरा छाया रहा।
कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर केवल 30 मीटर तक रह गई। लोगों को लाइट जलाकर वाहन चलाना पड़ रहा है। राज्य के 6 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मैनपाट में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री दर्ज किया गया।
कड़ाके की ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ रहा है। बीते एक महीने में रायपुर के अंबेडकर समेत निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं।