.मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर कथा करने छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। बागेश्वर बाबा का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री पत्रकारों पर विवादित बयान देते हुए नजर आ रहे हैं। धीरेंद्र शास्त्री कहते हैं कि जिस पत्रकार को खुजली हो, वो सवाल पूछ सकता है। इसे कांग्रेस ने पत्रकारों का अपमान बताया है। कांग्रेस ने एक्स पर लिखा कि पत्रकार खुद से नहीं गए थे बल्कि भाजपा नेताओं ने उन्हें बुलाया था, फिर ऐसा अपमान क्यों ? यह सिर्फ बदतमीजी नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण में पल रहा घमंड है।
कांग्रेस ने आगे लिखा जब पूरी सरकार ही चरण वंदना में लगी हो, तो इनकी जबान का बेलगाम होना स्वाभाविक है। दरअसल, भिलाई के जयंती स्टेडियम में कथावाचक पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा 25 दिसंबर से चल रही है, जो 29 दिसंबर तक होगी।
धीरेंद्र शास्त्री गुरुवार को रायपुर से भिलाई पहुंचे थे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बयान दिया था। उन्होंने कहा- ‘ये हमारा सौभाग्य है कि फिर छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में पहुंचे हैं। जो शिक्षा विद्या की नगरी है, इंडस्ट्री की नगरी है, हमारी अद्भुत भिलाई, जहां देश में सबसे ज्यादा IIT के बच्चे चुने जाते हैं। बाकी जिस पत्रकार को जो खुजली हो वो प्रश्न कर सकता है।’
बता दें कि इससे पहले धीरेंद्र शास्त्री के सरकारी विमान से रायपुर पहुंचने और थाना प्रभारी मनीष तिवारी के जूता-टोपी उतारकर बाबा के पैर छूने का वीडियो भी वायरल हुआ था