बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों कुसमी से अपने घर लौट रहे थे। घटना ग्राम गोविंदपुर के पास हुई।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम कांची निवासी ननसू राम बरगाह (18), पिता रमेश राम, गुरुवार को अपने दोस्त राजू राम के साथ कुसमी आया था। शाम करीब 5 बजे दोनों बाइक क्रमांक CG 30 F 7908 से घर जाने के लिए निकले थे।

शाम करीब 5:20 बजे वे ग्राम गोविंदपुर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान जशपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पॉपुलर बस से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

सिर में गंभीर चोट लगने से मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस और बाइक दोनों की रफ्तार तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर सिर के बल जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

हादसे की सूचना ग्राम कोटवार जयप्रकाश ने कुसमी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी अस्पताल भेज दिया। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिजनों को फोन कर हादसे की सूचना दी गई।

दो परिवारों में पसरा मातम

दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।