कोरबा जिले में अवैध धान भंडारण और खराब गुणवत्ता वाले धान की बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले में अवैध धान भंडारण और खराब गुणवत्ता वाले धान की बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार, 28 दिसंबर 2025 को जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशों पर दो अलग-अलग मामलों में कुल 285 बोरी धान जब्त किया गया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली रोहित कुमार सिंह के मार्गदर्शन में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम हरदी बाजार में छापेमारी की। यहां सनत कुमार राठौर के गोदाम से अवैध रूप से भंडारित 200 बोरी पुराना धान जब्त किया गया। जांच में गोदाम में 200 बोरी धान मिला

 

प्रशासन को सूचना मिली थी कि सनत कुमार राठौर द्वारा बड़ी मात्रा में धान का अवैध भंडारण किया गया है। तहसीलदार हरदी बाजार अभिजीत राजभानु और थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी। जांच के दौरान गोदाम में 200 बोरी धान मिला।

 

गोदाम संचालक सनत कुमार राठौर धान की खरीदी-बिक्री या भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, जैसे लाइसेंस या मंडी पर्ची, प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेजों के अभाव में इतनी बड़ी मात्रा में धान का भंडारण नियम विरुद्ध पाए जाने पर पंचनामा बनाकर धान जब्त कर लिया गया। पोडी-उपरोड़ा में धान उपार्जन केंद्र की जांच

 

इसी क्रम में, पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के धान उपार्जन केंद्र कुल्हरिया में भी कार्रवाई हुई। तहसीलदार पसान वीरेंद्र श्याम ने केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम जजगी निवासी राजकुमार, पिता जयराम सिंह, द्वारा बिक्री के लिए लाई गई 85 बोरी (लगभग 32 क्विंटल) धान की जांच की गई।

 

जांच में यह धान पुराना और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए राजकुमार का 85 बोरी धान जब्त कर सहकारी समिति को सौंप दिया गया।

 

प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध धान कारोबार करने वाले कोचियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध भंडारण और खराब गुणवत्ता वाले धान की बिक्री के खिलाफ सघन निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।