रायपुर के शहीद हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड के कांग्रेस पार्षद शेख मुशीर ने नगर निगम मुख्यालय में गांधी जी की प्रतिमा के नीचे अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया

Chhattisgarh Crimesरायपुर के शहीद हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड के कांग्रेस पार्षद शेख मुशीर ने नगर निगम मुख्यालय में गांधी जी की प्रतिमा के नीचे अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। सड़क निर्माण के लिए 11 लाख की मंजूरी नहीं मिलने से नाराज़ हैं।

पार्षद शेख मुशीर का कहना है कि वे पिछले 11 महीनों से अपने वार्ड की सड़क के लिए निगम के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए-दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसके बावजूद निगम प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।

हर दिन सुबह 11 से शाम 5 बजे तक देंगे धरना

धरने पर बैठे पार्षद ने ऐलान किया है कि, जब तक मौदहापारा के मुख्य मार्ग के डामरीकरण के लिए 11 लाख रुपए की राशि स्वीकृत नहीं होती, तब तक वे रोज सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक गांधी प्रतिमा के नीचे बैठकर विरोध दर्ज कराते रहेंगे। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक सड़क का मामला नहीं, बल्कि वार्ड के हजारों लोगों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा सवाल है।

नेता प्रतिपक्ष का निगम पर हमला

धरने को समर्थन देने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, 11 लाख रुपए की मंजूरी के लिए एक पार्षद को 11 महीनों तक भटकाया जा रहा है। इससे साफ है कि रायपुर नगर निगम की हालत कितनी बदतर हो चुकी है। अगर इतनी छोटी राशि भी स्वीकृत नहीं हो पा रही, तो शहर के बड़े विकास कार्यों का क्या हाल होगा?