छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी स्कूल के शिक्षक पर 6 साल की छात्रा के सामने अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। बताया गया है कि शिक्षक ने बच्ची और एक अन्य छात्र को दूसरे कमरे में ले जाकर अपना प्राइवेट पार्ट दिखाया।
घटना के बाद बच्ची स्कूल जाने से डरने लगी। उसने अपनी नानी को पूरी बात बताई, जिसके बाद महिला ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
स्कूल जाने से मना किया तो नानी को बताई बात
पुलिस के मुताबिक, घरघोड़ा थाना क्षेत्र की एक महिला ने शुक्रवार को अपनी 6 साल 4 महीने की नातिन के साथ हुई घटना की शिकायत दर्ज कराई। बच्ची प्राथमिक स्कूल में पढ़ती है। शुक्रवार को जब नानी ने उसे स्कूल जाने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया।
नानी ने स्कूल नहीं जाने की वजह पूछी तो बच्ची ने बताया कि 12 नवंबर की दोपहर स्कूल के शिक्षक अजय कुमार (52), निवासी ग्राम ठूसेकेला, उसे और कक्षा के एक अन्य बालक को दूसरे कमरे में ले गए थे।
बच्ची के मुताबिक, शिक्षक कुर्सी पर बैठकर अपना प्राइवेट पार्ट दिखाने लगा। यह देखकर वह कमरे से बाहर निकल गई।
नानी की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
बच्ची की बात सुनने के बाद नानी ने गांव के प्रमुख लोगों को जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने महिला को शिकायत दर्ज कराने के लिए घरघोड़ा थाने भेजा।
पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 व 12 के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ और जांच की गई।
न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया आरोपी
पुलिस ने विवेचना के बाद आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।