सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के शीतला वार्ड स्थित जोड़ा तालाब में शुक्रवार को एक युवक का शव मिला

Chhattisgarh Crimesसरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के शीतला वार्ड स्थित जोड़ा तालाब में शुक्रवार को एक युवक का शव मिला है। मृतक दो दिनों से घर से लापता था। दोपहर में तालाब में तैरते शव को देखकर स्थानीय लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने युवक के हत्या की आशंका व्यक्त की है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान पुरुषोत्तम यादव (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पेशे से बिजली मिस्त्री और पेंट का काम करता था। परिजनों के अनुसार वह दो दिनो से लापता था एवं परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार दोपहर तालाब के पास रहने वाले लोगों ने तालाब में अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता देख सूचना पुलिस को दी थी।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका मृतक पुरषोत्तम यादव यहां अपने ससुराल में रह रहा था। वह मूलतः सिंगिटाना, लखनपुर का निवासी था। मृतक के साले मुकेश यादव ने बताया कि उसके जीजा पुरषोत्तम यादव बुधवार शाम से लापता थे। यहां कुछ लोग शराब पीकर लड़ाई कर रहे थे। पुरषोत्तम यादव का विवाद से संबंध होने की आशंका कम है।

मुकेश यादव ने बताया कि पुरषोत्तम यादव सीधे व्यक्ति थे और वे सिर्फ अपने काम से काम रखते थे। आशंका है कि उनकी हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया है।

युवक का शव मिलने की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। शव दो दिन पुराना हो सकता है। शव तालाब से स्वयं उपर आ गया था। पुलिस ने मामले में फिलहाल मर्ग कायम किया है।