छत्तीसगढ़ में CGPSC घोटाले के मामले में ED की 7 जगहों पर रेड पड़ी है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में CGPSC घोटाले के मामले में ED की 7 जगहों पर रेड पड़ी है। दुर्ग में दो जगहों पर जांच हो रही है। इनमें पूर्व CM भूपेश बघेल के PA रहे केके चंद्रवंशी और पटवारी कमलेश सिंह राजपूत के घर शामिल हैं।

भिलाई में केके चंद्रवंशी के घर ED की टीम सुबह करीब 6 बजे 2-3 गाड़ियों से पहुंची। टीम दस्तावेजों और दूसरे जरूरी सामान की जांच कर रही है। घर के बाहर पुलिस बल भी तैनात है। फिलहाल ED की ओर से कार्रवाई को लेकर डिटेल में जानकारी सामने नहीं आई है।

यह कार्रवाई पूर्व CGPSC चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी की 25 जुलाई को गिरफ्तारी के बाद हो रही है। सोनवानी को परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच से जुड़े केस में गिरफ्तार किया गया था।

जांच 2020 और 2021 में CGPSC की राज्य सेवा परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और गड़बड़ी के आरोपों से जुड़ी है। ED की मनी लॉन्ड्रिंग जांच 2024 में CBI की ओर से दर्ज FIR के आधार पर शुरू हुई थी।

ED का आरोप है कि सोनवानी ने अवैध तरीके से प्रश्नपत्र लीक कराने और चयन प्रक्रिया में हेरफेर करने में मदद की। इसके बदले रिश्वत ली गई और इसका फायदा उनके रिश्तेदारों और पैसे देने वाले उम्मीदवारों को मिला।

डिप्टी कलेक्टर-DSP पदों पर चयन कराने लेनदेन का आरोप

CBI ने 2 साल पहले भी CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार किया था। उनके साथ बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल को भी गिरफ्तार किया गया था।

CBI का आरोप है कि CGPSC की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं हुईं और कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों को डिप्टी कलेक्टर, DSP समेत अन्य पदों पर चयनित कराने के लिए अवैध लेन-देन हुआ।