छत्तीसगढ़ के धमतरी में देर रात एक घर में भीषण आग लग गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी में शनिवार देर रात एक घर में भीषण आग लग गई। इस घटना में घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया और घर भी ढह गया। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना स्टेशन पारा बस्ती की है। आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें करीब 20 फीट ऊंचाई तक उठ रही थीं। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली, जिसके बाद दमकल को सूचना दी गई।

गनीमत रही कि पड़ोसियों ने समय रहते गैस सिलेंडर को घर से बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही महापौर मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

उन्होंने तत्काल परिवार को 15 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की। साथ ही, अधिकारियों को फोन कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तत्काल आवास स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

प्रशासन से मुआवजे की मांग

पीड़ित परिवार के सदस्य अमन नागर्ची ने बताया कि वे दुकान पर गए हुए थे, तभी उन्हें घर में आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि आग लगने से घर का सारा सामान, कपड़े, राशन और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जल गए हैं। नागर्ची ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है

लकड़ी का काफी सामान था

दमकल कर्मचारियों के अनुसार यह खपरैल का घर था, जिसमें लकड़ी का काफी सामान था। घर के तीनों ब्लॉक आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए। उन्होंने बताया कि स्कूली बच्चों के बैग से लेकर फ्रिज, कूलर, कपड़े और राशन सहित सभी घरेलू सामान नष्ट हो गए हैं। आग की लपटें पीछे के घर तक भी पहुंची थीं, जिसे तुरंत नियंत्रित कर लिया गया।