अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का ऑपरेशन विश्वास जारी

Chhattisgarh Crimesअपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का ऑपरेशन विश्वास जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में 24 से 30 अगस्त तक उत्तर, पश्चिम और मध्य जोन में व्यापक अभियान चलाया गया।

इस दौरान पुलिस ने स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के साथ अवैध शराब, मादक पदार्थ और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई की। अलग-अलग मामलों में पुलिस ने करीब 17 लाख 30 हजार रुपए की सामग्री जब्त की है।

एक सप्ताह तक चले अभियान में पुलिस ने स्थायी वारंट के 82 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आबकारी एक्ट के तहत 167 मामले दर्ज कर 167 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा धारा 170 बीएनएस के तहत 203 और धारा 126/135 बीएनएस के तहत 211 मामलों में कार्रवाई की

गांजा-नशीली गोलियां और हेरोइन जब्त

पुलिस ने तीनों जोन में कार्रवाई के दौरान 273 पव्वा देशी शराब, 60.339 किलोग्राम गांजा, 1,590 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और 10.59 ग्राम हेरोइन बरामद की। पश्चिम जोन की कार्रवाई में सबसे बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिले। यहां गांजा, नशीली टेबलेट और हेरोइन के साथ 3 मोबाइल और एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया

20 चाकू और धारदार हथियार बरामद

सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। आर्म्स एक्ट के तहत 20 प्रकरण दर्ज कर 20 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। इनके कब्जे से 20 चाकू और धारदार हथियार बरामद हुए। उत्तर जोन में 2, पश्चिम में 12 और मध्य जोन में 6 हथियार जब्त किए गए।

गुंडा बदमाशों की चेकिंग

पुलिस ने आदतन अपराधियों, गुंडा बदमाशों और निगरानी बदमाशों की भी चेकिंग की। उत्तर जोन में 62 गुंडा बदमाश और 32 निगरानी बदमाशों की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।