छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में फेयरवेल के बाद स्टूडेंट्स स्कॉर्पियो और बाइक पर स्टंट करते नजर आए

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में फेयरवेल के बाद स्टूडेंट्स स्कॉर्पियो और बाइक पर स्टंट करते नजर आए। चलती कार से बाहर लटककर छात्र बियर की बोतल लहराते दिखा। इसके बाद छात्र और छात्रा विंडो पर बैठे रहे और स्कॉर्पियो चलाने वाला स्टंट (ड्रिफ्ट) करता रहा।

स्टूडेंट्स ने हरियाणवी गाने के साथ 3 वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किए हैं। स्टूडेंट्स के स्टंट का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने वीडियो में दिख रही गाड़ियों को ढूंढ निकाला और उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज किया। अब आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

बता दें कि इससे पहले भी फेयरवेल पार्टी में स्टंट के मामले सामने आ चुके हैं। इस पर रोक लगाने को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य बालक अधिकार संरक्षण आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने लोक शिक्षण संचालनालय, सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में कड़े निर्देश जारी करने की अनुशंसा की है।

बालक अधिकार संरक्षण आयोग ने कहा है कि फेयरवेल पार्टी या अन्य आयोजन बच्चों की ओर से किए जा रहे हों, तो इसकी पूर्व सूचना शाला प्रबंधन को देना अनिवार्य हो। ऐसे आयोजनों के लिए स्पष्ट प्रोटोकॉल तय किया जाए और समारोह शिक्षकों की निगरानी में गरिमामय तरीके से आयोजित हों।