रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से 4 एक्टिवा चोरी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया

रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से 4 एक्टिवा चोरी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मार्शल यादव (26) निवासी मिट्ठुमुड़ा गांधी नगर और सुनील सारथी (34) निवासी भजनडीपा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चारों एक्टिवा बरामद कर ली हैं। बरामद संपत्ति की कीमत करीब 4.50 लाख रुपए बताई गई है। मार्शल यादव आदतन बदमाश है।

20 अगस्त को दर्ज हुई थी रिपोर्ट

मिट्ठुमुड़ा स्थित शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से 14 से 17 अगस्त के बीच 4 एक्टिवा चोरी हुई थीं। शोरूम से स्कूटी गायब होने का पता चलने के बाद गजानंद पटेल (32) ने 20 अगस्त को जूटमिल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर दोनों पकड़े गए

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आदतन बदमाश मार्शल यादव और उसका साथी सुनील सारथी चोरी की स्कूटी लेकर घूम रहे हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान मार्शल ने सुनील के साथ मिलकर शोरूम के यार्ड में घुसकर स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया।

चाबी लगी देख बनाई चोरी की योजना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यार्ड में नई स्कूटियों की कतार लगी थी और कई वाहनों में चाबी लगी हुई थी। दोनों ने अलग-अलग दिनों में चार एक्टिवा चोरी कीं। चोरी के बाद स्कूटियों को सुनील के घर के नीचे नगर निगम कॉलोनी में छिपाकर रखा था। दोनों चोरी की गाड़ियां बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

दो पुरानी बाइक चोरी का भी खुलासा

पुलिस की पूछताछ में मार्शल यादव ने करीब दो महीने पहले एचएफ डिलक्स बाइक चोरी करना भी स्वीकार किया। पेट्रोल खत्म होने पर उसने बाइक को पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड के मटन मार्केट के पास छोड़ दिया था, जिसे पुलिस ने बाद में लावारिस हालत में बरामद किया था।

इसी तरह करीब एक महीने पहले गांधी नगर-काशीराम चौक से ड्रीम युग बाइक चोरी करने की बात भी आरोपी ने कबूली। पेट्रोल खत्म होने के बाद बाइक को कोड़ातराई के पास छोड़ दिया गया था। इसे भी पुलिस ने पहले लावारिस हालत में बरामद कर लिया था।

चक्रधरनगर और कोतवाली में भी चोरी की जानकारी

पूछताछ में मार्शल यादव ने चक्रधरनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी भी पुलिस को दी है। पुलिस अब इन वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पहले भी बाइक चोरी में जेल जा चुका है मार्शल

पुलिस के मुताबिक मार्शल यादव आदतन बदमाश है। उसे पहले भी बाइक चोरी के मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पिछले महीने ही चक्रधरनगर पुलिस ने छोटे अतरमुड़ा क्षेत्र में स्कूटी चोरी के मामले में उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा था।