छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी पर हमला कर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। कार सवार बदमाशों ने पहले उनकी कार को टक्कर मारी। फिर विवाद करते हुए पिस्टल तान कर हथौड़ी से सिर पर जानलेवा हमला कर दिया।
इसके बाद लुटेरे उनकी कार समेत 2 किलो 200 ग्राम सोना, 3 लाख 50 हजार कैश सहित 3 करोड़ 35 लाख का माल लूटकर भाग गए। हमले में घायल कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।लूट की इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में कारोबारी पर लुटेरे हमला करते दिख रहे हैं। फिलहाल, पुलिस शहर और पड़ोसी जिलों में नाकेबंदी कर लुटेरों की तलाश कर रही है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, शहर के अरपापार स्थित पॉश कॉलोनी राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी की राजकिशोर नगर वसंत विहार चौक में महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप है। सराफा कारोबारी संतोष बिक्री के लिए दुकान में रखे सोने के जेवरों को रोज कर से लाना-ले जाना करते हैं।
मंगलवार रात करीब 8.30 बजे वो दुकान बंद कर अपनी कार में गहनों को रखकर घर जा रहे थे। अभी वो राजकिशोर नगर कॉलोनी के बीएसएनल ऑफिस गली के तिराहे पर पहुंचे। उसी समय सामने एक सफेद रंग की कार (सीजी 10 बीजे 8147) खड़ी थी।
उनकी कार आते देखकर सामने कार में सवार ड्राइवर ने टक्कर मार दी, जिससे सराफा कारोबारी की कार पर डैश लगा। जिसके बाद वो कार से बाहर निकले।
प्लानिंग के तहत लुटेरों ने किया विवाद, पिस्टल तान किया हमला
इस दौरान कार सवार बदमाशों ने प्लानिंग के तहत सराफा कारोबारी से विवाद शुरू किया, जिसके बाद पिस्टल निकालकर मारपीट करने लगे। इस बीच लुटेरों के बाइक सवार साथी भी वहां पहुंच गए। लुटेरों ने पिस्टल तान दिया।
झूमाझटकी के दौरान पिस्टल से मैग्जीन नीचे गिर गया, जिसके बाद लुटेरों ने पिस्टल के बट और हथौड़ी से कारोबारी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में संतोष तिवारी खून से लथपथ होकर बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें छोड़कर लुटेरे उनकी कार लेकर फरार हो गए।
घर से साले को बुलाया, खून से लथपथ थाना पहुंचे
खून से लथपथ घायल सराफा कारोबारी संतोष दौड़ते हुए अपने घर गए, जहां अपने साले के साथ सरकंडा थाना पहुंचे और लूट की जानकारी दी। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया।
वहीं, लूट की खबर मिलते ही टीआई प्रदीप आर्य सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। सीएसपी निमितेश सिंह, एडिशनल एसपी पंकज पटेल भी घटनास्थल पहुंचे।
IG भी पहुंच गए घटनास्थल, पुलिस अफसरों को दिए दिशा निर्देश
शहर में हुई लूट की बड़ी वारदात की खबर मिलते ही IG रामगोपाल गर्ग भी घटनास्थल पहुंचे। उनकी मौजूदगी में मौके को सील कर बारीकी से जांच की गई। जांच के लिए सर्च डॉग, फारेंसिक टीम और फिंगर एक्सपर्ट को भी बुलाया गया।
आईजी ने शहर के साथ ही जिले और पड़ोसी जिलों में भी नाकेबंदी कराने के निर्देश दिए। एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि लूट की वारदात के बाद पूरा शहर हाई अलर्ट पर है। पुलिस सभी एक्जिट पाइंट पर नाकेबंदी कर कार की तालाश कर रही है। देर रात तक सभी संभावित ठिकानों में भी पुलिस दबिश दे रही।
पुलिस को चकमा देने चोरी की कार और बाइक का इस्तेमाल
वारदात के बाद लुटेरे अपनी बाइक और कार मौके पर छोड़ गए हैं। पुलिस को उम्मीद थी कि कार और बाइक के जरिए बदमाशों की पहचान आसानी से की जा सकती है।
लेकिन, जब पुलिस ने कार और बाइक की जानकारी जुटाई, तब पता चला कि लुटेरों ने चोरी की वाहनों को वारदात में इस्तेमाल किया है।
आउटर में मिली सराफा कारोबारी की कार
इस वारदात के बाद से पुलिस टीम लगातार लुटेरों की तलाश में जुट गई है। शहर के आउटर इलाकों की तलाशी ली गई। खुद आईजी गर्ग सीपत क्षेत्र में घूमते रहे। इस दौरान शहर के आउटर में उरतुम के पास सराफा कारोबारी की कार बरामद हुई है।
इससे अब आशंका है कि लुटेरों की संख्या करीब आधा दर्जन रही होगी। उनके गिरोह का सदस्य दूसरी गाड़ी से आउटर में उनका इंतजार कर रहा था। प्लानिंग के तहत लुटेरों ने आउटर में कार छोड़कर दूसरी गाड़ी से फरार हो गए।
रैकी के बाद लुटेरों ने वारदात को दिया अंजाम
माना जा रहा है कि लुटेरों ने कारोबारी की रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया है। उन्हें कारोबारी के रात में घर आने और जाने के रूट की खबर थी। आरोपी दुकान बंद करने के बाद से ही उसके पीछे थे।
पुलिस ने रूट के अलग-अलग जगहों के CCTV फुटेज में बाइक सवारों को कारोबारी के पीछा करते पाया है।
बाहरी गैंग के साथ स्थानीय बदमाशों के शामिल होने की आशंका
जिस तरह से लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया है, इसमें पूरी प्लानिंग दिख रही है। वारदात में प्रयुक्त गाड़ियां चोरी की है। इस घटना में बाहरी गैंग के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी माना जा रहा है कि गैंग में स्थानीय युवक भी शामिल हैं, जिन्हें दुकान संचालक के गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। इसके साथ ही उसे रूट की भी पूरी जानकारी है।
लूट का लाइव CCTV फुटेज आया सामने, फायरिंग करते दिख रहा एक आरोपी
इस घटना के बाद आरोपियों की पहचान करने पुलिस हर कोशिश में जुट गई है। घटनास्थल के एक मकान में लगे CCTV फुटेज की भी जांच की गई। जिसमें लुटेरे युवक कारोबारी पर ताबड़तोड़ हमला करते दिख रहे हैं।
वहीं, बाइक से उतरने के बाद आरेापी बंदूक से दो राउंड फायर करते हुए दिख रहा है। हालांकि, पुलिस की तरफ फायरिंग की पुष्टि नहीं की गई है। जांच के दौरान पुलिस ने मौके पर एक मैगजीन और बुलेट बरामद किया है।
कारोबारी के आई गंभीर चोंट, सिर पर लगे 50 टांके
घायल कारोबारी संतोष तिवारी को घटना के बाद प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के बाद उन्हें ओटी में सिर के चोट की जांच की गई। उनके सिर में कई जगह गहरा जख्म लगा है, जिसमें 50 टांके लगे हैं।
देर रात उन्हें आईसीयू रूम में शिफ्ट किया गया है। अस्पताल में पुलिस और घायल के परिजन बड़ी संख्या में देर रात तक मौजूद थे।